रायपुर :– छत्तीसगढ़ के शासकीय मेडिकल कॉलेजों में सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 14 वरिष्ठ चिकित्सकों एवं चिकित्सा अधिकारियों की पदस्थापना बदल दी है। सबसे बड़ा असर उन पदों पर पड़ा है, जहां से मेडिकल कॉलेजों और संबद्ध अस्पतालों की प्रशासनिक तथा उपचार व्यवस्था संचालित होती है। कई संस्थानों में प्रभारी अधिष्ठाता और अस्पताल अधीक्षक की जिम्मेदारी बदल दी गई है।
सरकार के इस फैसले को प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की प्रशासनिक कार्यप्रणाली और अस्पताल संचालन को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है और स्थानांतरित चिकित्सकों को 15 दिनों के भीतर नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। निर्धारित अवधि में भारमुक्त नहीं किए जाने पर संबंधित चिकित्सक को स्वतः भारमुक्त माना जाएगा।
कहीं डीन बदले, कहीं अस्पताल की कमान
तबादले की तस्वीर पर नजर डालें तो रायपुर मेडिकल कॉलेज की प्राध्यापक डॉ. प्रतिभा जैन शाह को शासकीय मेडिकल कॉलेज कबीरधाम का प्रभारी अधिष्ठाता बनाया गया है। कबीरधाम के प्रभारी डीन डॉ. अजय कोसराम को राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में शिशुरोग विभाग का प्राध्यापक बनाया गया है।
कोरबा मेडिकल कॉलेज में भी बड़ा बदलाव हुआ है। यहां के प्रभारी अस्पताल अधीक्षक डॉ. गोपाल सिंह कंवर को जशपुर मेडिकल कॉलेज का प्रभारी अधिष्ठाता बनाया गया है। वहीं रायपुर मेडिकल कॉलेज के अस्थि रोग विभाग के प्राध्यापक डॉ. रविकांत दास को कोरबा मेडिकल कॉलेज के प्रभारी अस्पताल अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में डॉ. आरसी आर्या को प्रभारी अधिष्
इस फेरबदल का असर कबीरधाम, राजनांदगांव, जशपुर, अंबिकापुर, कोरबा, दुर्ग, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जैसे मेडिकल कॉलेजों की प्रशासनिक व्यवस्था पर पड़ेगा। यानी एक ही आदेश से प्रदेश के कई महत्वपूर्ण चिकित्सा संस्थानों में नेतृत्व और अस्पताल संचालन की तस्वीर बदल गई है।
अब असली परीक्षा नई टीम की
सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती केवल अधिकारियों की अदला-बदली नहीं, बल्कि इसका जमीनी असर मरीजों और चिकित्सा शिक्षा पर दिखाई देना है। नई जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों के सामने अस्पतालों में मरीजों की बढ़ती संख्या, विशेषज्ञ सेवाओं की उपलब्धता, संसाधनों का बेहतर उपयोग, मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता और प्रशासनिक समन्वय जैसे कई मोर्चे होंगे।
मेडिकल कॉलेज केवल शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि आसपास के बड़े क्षेत्र के लिए तृतीयक स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र भी हैं। ऐसे में डीन और अस्पताल अधीक्षकों की नई जिम्मेदारियों से यह उम्मीद जुड़ी है कि प्रशासनिक फैसलों की गति बढ़ेगी और मरीजों को उपचार व्यवस्था का सीधा लाभ मिलेगा।
