बालको नगर / मां दुर्गा की आराधना महापर्व श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की तैयारियां बालको नगर पुलिस सुरक्षा का मोर्चा संभाला। उत्सव शांतिपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना बालको नगर में थाना प्रभारी निरीक्षक युवराज तिवारी के नेतृत्व में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

उत्सव आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि धर्म की आस्था और उत्सव का उल्लास अपनी जगह है, लेकिन शांति, अनुशासन और कानून की मर्यादा सर्वोपरि रहेगी।

‘भक्ति में शक्ति हो, लेकिन व्यवस्था में अनुशासन भी हो’
थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने आयोजन समितियों से अपील की कि दुर्गा उत्सव के दौरान ऐसा कोई कार्य न किया जाए, जिससे आम नागरिकों को असुविधा हो अथवा शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। समितियों को आयोजन के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय परिस्थिति की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की समझाइश दी गई ।सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के नियमानुसार उपयोग तथा शांतिपूर्ण आयोजन पर चर्चा की गई।
पुलिस का भरोसा—‘आयोजन आपका, सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारी’

बालको पुलिस ने आयोजन समितियों को आश्वस्त किया कि प्रशासन द्वारा हर संभव सहयोग और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने कहा कि *दुर्गोत्सव केबल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता भाईचारे और सांस्कृतिक चेतना का पर्व है।* इसलिए सभी समितायां जिम्मेदारी और संयम के साथ आयोजन करें ताकि उत्सव की रोशनी के साथ शांति और सौहार्द की मिसाल भी कायम हो सके।