नई दिल्ली:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार दिल्ली के रोहिणी स्थित जापानी पार्क में परिवर्तन रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की पिछली सरकार आपदा से कम नहीं है। ‘आप-दा’ सरकार के पास न तो कोई विजन है और न ही दिल्ली वालों की परवाह। उन्होंने जोर देकर कहा कि दिल्ली को डबल इंजन सरकार की जरूरत है, जो शहर को विश्वस्तरीय राजधानी बना सके।
12 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास
प्रधानमंत्री ने 12,200 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ ‘नमो भारत’ कॉरिडोर का उद्घाटन भी शामिल है। यह कॉरिडोर दिल्ली को मेरठ से जोड़ेगा और 13 किलोमीटर लंबा रूट 4,600 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। यह परियोजना दिल्ली की आधुनिकता की दिशा में एक बड़ा कदम है।
‘आप-दा’ सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप
पीएम मोदी ने दिल्ली सरकार पर तीखा हमला करते हुए शराब घोटाले, स्कूल घोटाले और प्रदूषण नियंत्रण के नाम पर करोड़ों की हेराफेरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ‘आप-दा’ सरकार ने केवल अनैतिक तरीकों से काम किया और दिल्ली को हर मौसम में आपदा क्षेत्र बना दिया।
शीशमहल विवाद पर तीखा वार
प्रधानमंत्री ने शीशमहल विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि कोविड महामारी के दौरान जब दिल्लीवासी परेशान थे, तब ‘आप-दा’ सरकार शीशमहल बनवाने में व्यस्त थी। उन्होंने इसे झूठ और अनैतिकता का उदाहरण बताते हुए दिल्ली सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े किए।
दिल्ली के उज्ज्वल भविष्य के लिए बीजेपी को अवसर देने की अपील
प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले 25 साल भारत और दिल्ली के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का वादा किया। पीएम मोदी ने दिल्लीवासियों से बीजेपी को मौका देने की अपील की और कहा कि भाजपा ही दिल्ली को ‘आप-दा’ से मुक्त करा सकती है।
केंद्र की योजनाओं पर ‘आप-दा’ सरकार का रोड़ा
पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली में जितने भी बड़े प्रोजेक्ट चल रहे हैं, वे केंद्र सरकार की देन हैं। ‘आप-दा’ सरकार ने केंद्र की कई योजनाओं में बाधा डाली है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बीजेपी की सरकार जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाएगी और भ्रष्टाचारियों को बाहर करेगी।
बदलाव की लहर: ‘आप-दा नहीं सहेंगे, बदलकर रहेंगे’
प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली अब बदलाव चाहती है। ‘आप-दा नहीं सहेंगे’ का नारा हर दिल्लीवासी की जुबां पर है। उन्होंने कहा कि भाजपा के उम्मीदवारों के लिए यह स्वर्णिम अवसर है, दिल्ली का दिल जीतने का। उन्होंने दिल्ली को सपनों का शहर बनाने का वादा किया।
दिल्ली को विश्वस्तरीय राजधानी बनाने का संकल्प
पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली को विश्वस्तरीय राजधानी के रूप में विकसित करना उनका लक्ष्य है। उन्होंने अर्बन डेवलपमेंट में दिल्ली को मॉडल बनाने का वादा किया। साथ ही, उन्होंने बीजेपी के राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत पर जोर देते हुए दिल्लीवासियों से समर्थन की अपील की।
