नई दिल्ली:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23वें ASEAN-India शिखर सम्मेलन में भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी ने ASEAN देशों के साथ संबंधों को नई गति दी है। अब यह साझेदारी पारंपरिक सांस्कृतिक संबंधों से आगे बढ़कर डिजिटल तकनीक, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों तक पहुंच रही है।
फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने बताया कि भारत ने पिछले कुछ वर्षों में ASEAN देशों के साथ लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए 100 से अधिक पहल की हैं। इसके अलावा करीब 250 क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए 10 हजार से अधिक छात्रवृत्तियां दी गई हैं।
शांति और स्थिरता के लिए मिलकर काम करने की जरूरत
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया पिछले कुछ वर्षों में कई संकटों से गुजरी है। ऐसे समय में वैश्विक स्तर पर शांति, स्थिरता और भरोसेमंद माहौल बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने शिखर सम्मेलन की थीम ‘नेविगेटिंग आवर फ्यूचर टुगेदर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत और ASEAN का भविष्य एक-दूसरे की प्रगति से जुड़ा हुआ है।
पीएम मोदी ने कहा कि ASEAN कम्युनिटी विजन 2045 और विकसित भारत 2047 दोनों पक्षों की साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
हवाई संपर्क और पर्यटन को मिल रही मजबूती
प्रधानमंत्री ने भारत और ASEAN देशों के बीच बढ़ते सीधे हवाई संपर्क और पर्यटन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत और ASEAN के नौ देशों के बीच सीधी उड़ानें दोनों पक्षों के मजबूत होते संबंधों को दर्शाती हैं। इससे व्यापार, पर्यटन और लोगों के आपसी संपर्क को बढ़ावा मिल रहा है।
ASEAN की एकता के प्रति भारत प्रतिबद्ध
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत और ASEAN के संबंधों में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। भारत ASEAN की एकता और क्षेत्रीय सहयोग में उसकी केंद्रीय भूमिका का समर्थन करता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि शिखर सम्मेलन से भारत और ASEAN की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।
