नई दिल्ली:– संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की संसदीय दल की बैठक ‘मंगल मिलन’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीट (NEET) पेपर लीक मामले पर सरकार का रुख स्पष्ट किया है। प्रधानमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि उनकी सरकार छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने देगी।
दोषियों के खिलाफ ‘मिसाल’ बनने वाली कार्रवाई
प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक के दौरान कहा कि पेपर लीक की खबरें सामने आते ही सरकार ने तत्काल कदम उठाए। इस बैठक के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री के संबोधन के मुख्य बिंदुओं पर जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पीएम ने कड़े शब्दों में कहा है कि इस रैकेट में शामिल अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने अपील की कि देश के शीर्ष वकीलों की मदद ली जानी चाहिए ताकि कानूनी प्रक्रिया के जरिए दोषियों को ऐसी सजा मिले जो भविष्य के लिए एक मिसाल कायम करे और ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
