नई दिल्ली:– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुरुवार को रेल यात्रियों को बड़ी सौगात देने वाले हैं। पीएम मोदी कल देशभर में नए बने 103 अमृत स्टेशनों का वर्चुअली उद्घाटन करेंगे। इसे रेलवे स्टेशनों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से लैस करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
पीएम मोदी गुरुवार को राजस्थान के बिकानेर से कर्नाटक, मध्य प्रदेश समेत 18 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में बने 103 अमृत स्टेशनों का वर्चुअली उद्घाटन करेंगे। इन 103 अमृत स्टेशनों को 1100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है। इन स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना (एबीएसएस) के तहत पुनः विकसित किया गया है।
22 मई का रेलवे के लिए ऐतिहासिक- PM मोदी
103 अमृत स्टेशनों के उद्घाटनकरने को लेकर पीएम मोदी ने खुशी जताई है। पीएम सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट करते हुए 22 मई के दिन को रेलवे के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि भारतीय रेल के बुनियादी ढांचे के लिए कल 22 मई एक ऐतिहासिक दिन है। अमृत स्टेशन सुविधादायक होने के साथ-साथ कनेक्टिविटी को बढ़ावा देंगे और हमारी शानदार संस्कृति का वाहक बनेंगे।
26 हजार करोड़ की सौगात
22 मई को 103 अमृत स्टेशनों का उद्घाटन करने के अलावा पीएम मोदी रेलवे के 26 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन और देश को समर्पित करेंगे। माना जा रहा है कि पीएम मोदी का यह दौरा रेलवे के अलावा सड़क, ऊर्जा, जल और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बड़े बदलाव लाने वाला है।
