पलवल। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित हुडा फ्लाईओवर पर पुलिस पीसीआर की गाड़ी ने एक दंपति को टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौत हो गई और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोप है कि पुलिसकर्मी घायल अवस्था में पति-पत्नी को अस्पताल के गेट पर ही छोडक़र भाग गए। पुलिस ने घायल पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला के अनुसार तेज रफ्तार में थी पुलिस की पीसीआर
पुलिस जांच अधिकारी एएसआई संजय कुमार ने बताया कि मिंडकौला गांव निवासी प्रेम नाम की महिला ने शिकायत देकर बताया कि वह अपने पति रंजीत के साथ बल्लभगढ़ से बाइक पर सवार होकर अपने घर के लिए जा रही थी। रास्ते में हुड्डा चौक के पास बने फ्लाईओवर के ऊपर उनकी बाइक को पुलिस की तेज रफ्तार पीसीआर गाड़ी से टक्कर मार दी।
शिकायत में कहा गया है कि पीसीआर गाड़ी तेज रफ्तार में थी और चालक पीसीआर को लापरवाही से चला रहा था।
अस्पताल के गेट पर छोड़कर फरार हुए पुलिसकर्मी
टक्कर लगने से वह दोनों सडक़ पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस की गाड़ी ही उन्हें सरकारी अस्पताल लेकर आई, लेकिन पुलिसकर्मी उन्हें गेट पर ही छोडक़र फरार हो गए। महिला को बाद में पता चला कि दुर्घटना में उसके पति रंजित की मौत हो गई है। वहीं महिला को भी गंभीर चोटे आई हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है।