नई दिल्ली:– राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु अपने पांच दिवसीय मध्यप्रदेश प्रवास के तहत गुरुवार सुबह इंदौर एयरपोर्ट पहुंचीं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उनका विशेष विमान सुबह करीब 9:25 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर उतरा, जहां मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक सहित जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर हुआ औपचारिक स्वागत
राष्ट्रपति के इंदौर आगमन को लेकर एयरपोर्ट पर विशेष सुरक्षा और प्रोटोकॉल व्यवस्था की गई थी।राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर राष्ट्रपति का स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस विभाग के आला अधिकारी भी मौजूद रहे।
हेलिकॉप्टर से बैतूल के लिए रवाना
इंदौर एयरपोर्ट पर संक्षिप्त प्रवास के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु हेलिकॉप्टर से बैतूल के लिए रवाना हुईं। बैतूल में वे ब्रह्माकुमारीज द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद उनका ओंकारेश्वर जाने का कार्यक्रम निर्धारित है, जहां वे भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर संध्या आरती में शामिल होंगी और रात्रि विश्राम करेंगी।
ओंकारेश्वर में राष्ट्रपति के दौरे को लेकर खास सुरक्षा के इंतजाम
राष्ट्रपति के ओंकारेश्वर दौरे के चलते खास सुरक्षा इंतजाम किये गए है, ओंकारेश्वर में अतिरक्त बल भी तैनात किया गया है, साथ ही जहा राष्ट्रपति रुकेगी उसकी सुरक्षा को अलग अलग लेयर में तय किया गया है।
पांच दिवसीय मध्यप्रदेश दौरा
राष्ट्रपति का मध्यप्रदेश दौरा 18 से 22 जून तक प्रस्तावित है। इस दौरान वे बैतूल, ओंकारेश्वर, जबलपुर, ग्वालियर और कूनो नेशनल पार्क का भ्रमण करेंगी। कार्यक्रमों में अंतरराष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया दिवस, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह और कूनो नेशनल पार्क का भ्रमण प्रमुख हैं।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर संबंधित जिलों में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
