नई दिल्ली:- PUBG Mobile खेलने वालों के लिए बड़ी खबर है। गेम डेवलपर ने इसका नया लाइटवेट वर्जन PUBG Mobile Flash 13 नवंबर 2026 को लॉन्च कर दिया है। जिसमें खास बात यह है कि इस वर्जन को डाउनलोड करने के लिए पहले की तरह ज्यादा स्टोरेज खाली करने की जरूरत नहीं होगी। कंपनी ने इसे उन गेमर्स के लिए तैयार किया है जिनके स्मार्टफोन में स्टोरेज और हार्डवेयर की सीमाएं हैं। यह Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा। लेकिन भारतीय गेमर्स को डाउनलोड करने से पहले एक जरूरी बात समझनी होगी।
1GB से कम में डाउनलोड होगा PUBG Mobile Flash
PUBG Mobile Flash के बारे में बताए तो इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका छोटा शुरुआती डाउनलोड साइज है। आधिकारिक लॉन्च जानकारी में बताया गया है कि Android पर इसका शुरुआती डाउनलोड 1GB से कम और iOS पर 2GB से कम रहेगा। इसमें Erangel मैप और Classic Battle Royale मोड पहले से इंस्टॉल मिलेंगे। जिसका सीधा मतलब है कि गेम डाउनलोड करने के बाद खिलाड़ी अतिरिक्त मैप डाउनलोड किए बिना मैच शुरू कर सकेंगे। इसमें बाकी मैप, गेम मोड और ग्राफिक्स से जुड़े रिसोर्स जरूरत के हिसाब से डाउनलोड किए जा सकेंगे। इससे फोन की स्टोरेज पर एक साथ ज्यादा दबाव नहीं पड़ेगा।
पुराने अकाउंट और दोस्तों के साथ खेल सकेंगे गेम
PUBG Mobile Flash में खिलाड़ियों को अपने मौजूदा PUBG Mobile अकाउंट का इस्तेमाल करने की सुविधा मिलेगी। कंपनी ने इसको लेकर बताया है कि दोनों ऐप के बीच अकाउंट, दोस्तों की लिस्ट और गेम से जुड़ा कंटेंट सिंक रहेगा। इतना ही नहीं Flash इस्तेमाल करने वाले खिलाड़ी ओरिजिनल PUBG Mobile ऐप पर खेलने वाले दोस्तों के साथ भी टीम बना सकते है। वहीं इसमें 2GB RAM न्यूनतम जरूरत बताई गई है। डिवाइस की क्षमता के आधार पर 25, 30, 40 और 60 FPS के विकल्प मिलेंगे। FPS का मतलब है कि गेम के दौरान स्क्रीन पर एक सेकंड में कितने फ्रेम दिखाई देते हैं।
भारत में PUBG Mobile Flash मिलेगा या BGMI Air?
भारतीय गेमर्स के लिए यह सबसे जरूरी जानकारी है। PUBG Mobile Flash ग्लोबल वर्जन है और भारत में इसकी उपलब्धता की पुष्टि नहीं है। यहां KRAFTON India अपना अलग लाइटवेट गेम BGMI Air ला रही है। कंपनी ने इसकी लॉन्चिंग 10 दिसंबर 2026 को तय की है। यह गेम Google Play पर 1.4 करोड़ से ज्यादा प्री-रजिस्ट्रेशन हासिल कर चुका है।
इसलिए भारत में कम स्टोरेज वाले फोन पर BGMI खेलने की चाह रखने वाले यूजर्स को BGMI Air पर नजर रखनी चाहिए। PUBG Mobile Flash पुराने PUBG Mobile Lite की वापसी भी नहीं है बल्कि मौजूदा PUBG Mobile अनुभव का हल्का डाउनलोड वाला नया ऐप है।
