छत्तीसगढ़ :– सावन माह के अंत तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर अगले सात दिनों के दौरान मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं। प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।
मौसम प्रणाली सक्रिय, बारिश के लिए बना अनुकूल माहौल
मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश और उसके आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा मानसून द्रोणिका अमृतसर, मुजफ्फरनगर, कानपुर, निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र, डाल्टनगंज और दीघा से होते हुए दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है।
वहीं, उत्तरी ओडिशा और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण भी बना हुआ है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव और मानसून की सक्रियता के कारण प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। शनिवार को मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने के संकेत नहीं हैं।
रायपुर में सुबह से छाए बादल, बूंदाबांदी
राजधानी रायपुर में शनिवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में बूंदाबांदी हो रही है। मौसम विभाग ने 22 अगस्त को रायपुर में सामान्यतः बादल छाए रहने की संभावना जताई है। इस दौरान एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
इन इलाकों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान राजपुर और बिहारपुर में 4-4 सेमी, डोंगरगढ़ में 3 सेमी, जबकि जनकपुर भरतपुर और दुर्ग में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा रेंगाखार कला, सारागांव, राजनांदगांव, साल्हेवारा, प्रेमनगर, पिपरिया, कोटाडोल, भैरमगढ़, गीदम, खरोरा, पसान, चांपा, केल्हारी, मोहला और घुमका में 1-1 सेमी बारिश दर्ज की गई।
इन जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार को छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी और गरियाबंद में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
तापमान का हाल
पिछले 24 घंटों में जगदलपुर में 31.1 डिग्री सेल्सियस प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में 21.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है।
