नई दिल्ली:– अगर आप अगले कुछ दिनों में घर से बाहर निकलने या घूमने की कोई योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। भारतीय मौसम विभाग ने 1 जुलाई से 6 जुलाई तक देश के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ समेत कई इलाकों में मौसम खतरनाक रूप ले सकता है। ऐसे में जानिए किन राज्यों में सबसे ज्यादा बारिश होगी और किन क्षेत्रों के लोगों को विशेष सतर्क रहने की जरूरत है।
मौसम विभाग ने दी लोगों को सलाह
मिली जानकारी के मुताबिक भारतीय मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए कहा कि अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में हल्की से मध्यम और कुछ जगहों पर अच्छी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। आपको बता दें कि मौसम विभाग ने लोगों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 6 जुलाई तक कई स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं दूसरी तरफ कर्नाटक में 2 से 6 जुलाई और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में 3 से 6 जुलाई के दौरान अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश में 1 से 3 जुलाई तक और तेलंगाना में 4 से 6 जुलाई के बीच कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया जा रहा है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
एक रिपोर्ट के अनुसार भारत में भी अगले कुछ दिन बारिश का असर बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार अरुणाचल प्रदेश में 3 जुलाई तक, जबकि असम और मेघालय में 2 जुलाई तक भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 1 से 6 जुलाई के बीच कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 4 से 6 जुलाई के दौरान अरुणाचल प्रदेश तथा 3 से 6 जुलाई के बीच असम और मेघालय के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का भी अनुमान है।
लोगों के लिए क्या है सलाह?
मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बारिश के दौरान जलभराव, तेज हवाओं और बिजली गिरने जैसी घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में अनावश्यक यात्रा से बचें, मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखें और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।
जानिए दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा
राजधानी दिल्ली में अगले तीन दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 1 से 3 जुलाई के दौरान राजधानी का मौसम सुहावना बना रहेगा। इस अवधि में अधिकतम तापमान 32 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान लगाया जा रहा है।
1 जुलाई को दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है। 2 जुलाई को मौसम का असर और बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
झारखंड में भारी वर्षा के आसार
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, झारखंड में 1 से 4 जुलाई के दौरान मौसम मुख्य रूप से मानसूनी बना रहेगा। आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है और राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 2 जुलाई को कुछ क्षेत्रों में मेघ गर्जन की संभावना जताई गई है, जबकि 3 और 4 जुलाई को राज्य के कई स्थानों पर बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है।
राजस्थान में मौसम कैसा रहेगा
आपको बता दें कि राजस्थान में 2 से 3 जुलाई को पूर्वी भागों में मानसून के प्रवेश करने की संभावना बतायी जा रही है। जिसके लिए आगामी 3-4 दिनों में बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी हवाएं सक्रिय होंगी। मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी 2-3 दिनों में कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और बारिश हो सकती है, जबकि जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है।
2 जुलाई से उदयपुर, कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग में आंधी-बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। 3 से 6 जुलाई के दौरान कोटा और उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में 3-4 जुलाई से आंधी-बारिश का दौर शुरू होगा।
