नई दिल्ली:– आषाढ़ी एकादशी पर्व एवं मेले के अवसर पर यात्रियों की सुविधा के लिए मध्य रेल मिरज से दादर तक आषाढ़ी वन-वे विशेष ट्रेन सेवा चलाएगी। बताया गया कि मिरज-दादर वन-वे विशेष ट्रेन संख्या 01182, वन-वे विशेष 26 जुलाई को मिरज से शाम 6:35 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 6:35 बजे दादर पहुंचेगी।
यह ट्रेन पंढरपुर, कुरुडवाड़ी, दौंड, पुणे, लोनावला, कल्याण और ठाणे स्टेशनों पर रुकेगी। इस विशेष ट्रेन की संरचना,1 एसी 2-टियर, 2 एसी 3-टियर, 5 शयनयान श्रेणी , 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी और 2 सामान्य द्वितीय श्रेणी सीटिंग सह गार्ड ब्रेक वैन होगा।
बुकिंग शुरू
आषाढ़ी एक तरफा (वन वे) विशेष ट्रेन संख्या 01182 के लिए बुकिंग सभी कम्प्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों और वेबसाइट www.irctc.co.in पर खुली है। यात्री टिकट बुकिंग के लिए RailOne ऐप भी डाउनलोड कर सकते हैं। इन विशेष ट्रेनों के ठहराव एवं समय की विस्तृत जानकारी के लिए www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाएं या NTES ऐप डाउनलोड कर सकते हैं।
श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी सहूलियत
आषाढ़ी एकादशी के मौके पर पंढरपुर में श्री विठ्ठल-रुक्मिणी के दर्शन के लिए लाखों की संख्या में वारकरी पहुंचते हैं। पूजा-अर्चना और मेले के समापन के बाद श्रद्धालुओं की वापस लौटने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए मध्य रेलवे ने इस विशेष ट्रेन की योजना बनाई है। मिरज और पंढरपुर क्षेत्र से मुंबई व ठाणे लौटने वाले यात्रियों के लिए यह वन-वे ट्रेन अत्यंत सुविधाजनक और राहत देने वाली साबित होगी।
समय पर टिकट बुक करने की अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अंतिम समय की भीड़ और असुविधा से बचने के लिए समय रहते अपना आरक्षण करा लें। बिना टिकट यात्रा करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, इसलिए यात्री रेलवे के अधिकृत काउंटरों या ऑनलाइन माध्यमों से ही वैध टिकट लेकर यात्रा करें। इस विशेष सेवा से त्योहार के दौरान नियमित ट्रेनों पर बढ़ने वाला अतिरिक्त दबाव भी काफी हद तक कम होगा।
