
रूस ने यूक्रेन के मारियुपोल शहर पर कब्जा भी कर लिया है और आज यहाँ एक स्कूल पर ताबड़तोड़ बम बरसाए हैं। ये वही जगह है जहां 400 नागरिकों ने शरण ली थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि स्कूल के मलबे में ये लोग दबे हो सकते हैं। यूक्रेन में रूस का खूनी खेल नहीं रुक रहा यहाँ दर्जनों बच्चों की जान जा चुकी है।
बता दें कि मारियुपोल आजोव सागर पर एक रणनीतिक बंदरगाह वाला शहर और अब ये रूसी सैनिकों के कब्जे में है। यूक्रेन में रूसी हमले के बीच देश के 10 ह्यूमैनिटेरियन कॉरिडोर में से 8 का इस्तेमाल लोगों को निकालने के लिए किया जा रहा है। यहाँ से 6 हजार से अधिक लोगों को निकाला जा चुका है।
इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि मारियुपोल की घेराबंदी इतिहास में दर्ज होगी। जेलेंस्की ने आगे कहा कि रूस यहां पर युद्ध अपराध कर रहा है।
बता दें कि दोनों देशों के बीच पिछले महीने जंग चल रही है। इस जंग के कारण लाखों लोग अपना घर छोड़ने को विवश हुए हैं। कई लोगों ने यूक्रेन के पास के देशों में शरण ली है। वहीं दुनिया भर के देशों ने रूस पर कई कड़े प्रतिबंध लगा दिए हैं इसके बावजूद रूस का खूनी खेल यूक्रेन में नहीं रुक रहा है।