
बलौदाबाजार : अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के अत्याचार पीड़ित 44 लोगों को वर्ष 2021 में अब तक 57 लाख 62 हजार रूपये की सहायता राशि स्वीकृत कर उन्हें भुगतान की गई है। कलेक्टर सुनील कुमार जैन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सतर्कता एवं मानीटरिंग समिति की बैठक में आज इस आशय की जानकारी दी गई। इनमें अनुसूचित जाति वर्ग के 38 लोगों को 52 लाख 87 हजार एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के 6 पीड़ित लोगों को 4 लाख 75 हजार रूपये की राशि शामिल है। लोकसभा सांसद गुहाराम अजगले, एसपी आई.के.एलिसेला सहित समिति के सदस्य एवं अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में पीड़ित लोगों के पुनर्वास के लिए दी जा रही सुविधाओं के बारे में बताया गया। लोक अभियोजन अधिकारी को अजा-अजजा के प्रकरणों का तेजी से निराकरण के उपाय करने कहा गया। सांसद गुहाराम अजगले ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोगों के उपर हो रहे अत्याचारों को कम करने के उपायों पर विचार करने को कहा है। ऐसे लोगों पर अत्याचार की घटना कम हो, इसके लिए ग्राम संभाओं में होने वाली बैठकों में एजेण्डे के रूप में चर्चा कराने पर बल दिया है।