नई दिल्ली:- दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के लारू इलाके में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकी मारे गए। इनमें लश्कर का आखिरी सक्रिय कमांडर लतीफ भट भी शामिल है।
बता दें कि कुलगाम जिले में सीआरपीएफ की टीम पर हुए हमले के बाद सुरक्षा बलों का तलाशी अभियान लगातार जारी है। इसी दौरान आतंकियों की तलाश में सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर संयुक्त अभियान चला रखा है।
आतंकियों ने 15 सेकंड में 30 राउंड गोलियां चलाई
बता दें कि 11 नवंबर 2026 यानी बीते बुधवार को मोटरसाइकिल सवार आतंकियों ने कुलगाम के अखरान गांव में सीआरपीएफ की नाका पार्टी पर हमला किया था। आतंकियों ने करीब 15 सेकंड में 30 राउंड गोलियां चलाई थीं।
इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वारदात के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए थे। तभी से सुरक्षा बल उनकी तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं।
कौन है मोहम्मद लतीफ भट?
मोहम्मद लतीफ भट दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के खेरवान क्षेत्र का रहने वाला है। सुरक्षा एजेंसियां उसे लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा स्थानीय आतंकी बताती हैं। उसका नाम द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) से भी जोड़ा जाता रहा है, जिसे लश्कर का सहयोगी संगठन माना जाता है।
लतीफ पहली बार शोपियां में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ के बाद चर्चा में आया था। इस अभियान में वह लश्कर के आतंकी जाकिर गनई के साथ घिर गया था। पांच दिन तक चले अभियान में सुरक्षाबलों ने जाकिर गनई को मार गिराया, लेकिन लतीफ मौके से भागने में सफल रहा। तभी से सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर रही हैं।
