भोपाल, 27 नवंबर। भोपाल में कथित तौर पर सूदखोरों से परेशान एक परिवार के पांच सदस्यों द्वारा जहर खाने की घटना के मद्देनजर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अवैध रूप से इस कार्य में लिप्त लोगों के खिलाफ आज सख्त कार्रवाई के निर्देश अधिकारियों को दिए।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्री चौहान ने इस संबंध में अपने निवास पर वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि सूदखोरों और साहूकारों द्वारा मनमाना ब्याज लिए जाने के कारण कल की हृदय विदारक घटना घटित हुयी है। यह असहनीय है। राज्य सरकार ने इसे गंभीरता से लिया है और अवैध रूप से सूदखोरी का कार्य करने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चलाने के लिए अधिकारियों से कहा है।
श्री चौहान ने अवैध तरीके से चल रही साहूकारी और सूदखोरी की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए अधिकारियों को सघन निगरानी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साहूकारी अधिनियम और अनुसूचित जाति रिण विनियम के संबंध में भी बैठक में चर्चा की।
भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र में संजीव जोशी नाम के व्यक्ति ने सूदखाेरों से परेशान होकर दो दिन पहले पत्नी अर्चना (40), मां नंदिनी (70) और दो पुत्रियां ऋषिमा (19) और पूर्वी (16) के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया था। अस्पताल में उपचार के दौरान पुत्री पूर्वी और एक अन्य सदस्य की मृत्यु हो गयी है। तीन अन्य का इलाज चल रहा है। संजीव ने कथित तौर पर कुछ लोगों से रिण लिया था और उसके एवज में वे उससे मनमाना ब्याज वसूल रहे थे। पुलिस ने पिपलानी थाने में कल रात इस मामले में आपराधिक प्रकरण दर्ज कर मामला जांच में ले लिया है।