जांजगीर-चांपा । विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत के मुख्य आतिथ्य में 4 फरवरी को शिवरीनारायण महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया गया। शिवरीनारायण महोत्सव का भव्य आयोजन 4 से 8 फरवरी तक महंतलाल दास महाविद्यालय के सामने मैदान में आयोजित किया जा रहा है। इस शुभारंभ कार्यक्रम की अध्यक्षता शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष रामकुमार पटेल ने की। विधानसभा अध्यक्ष ने छत्तीसगढ़ महतारी के तैल्य चित्र पर दीप प्रज्जवलित कर महोत्सव का शुभारंभ कर उपस्थित लोगो को माघी मेला की शुभकामनाएं दी।
उन्होंने कहा कि शिवरीनारायण भक्ति और आस्था का बहुत बड़ा केंद्र है जिस कारण लोग यहां दूर-दूर से पहुचते हैं। यहां आने पर माता शबरी और भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त होता है।इस अवसर पर शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष राम कुमार पटेल ने मेला महोत्सव में पामगढ़ विधानसभा और जांजगीर चांपा जिला सहित उपस्थित सभी का स्वागत और अभिनंदन करते हुवे शिवरीनारायण महोत्सव की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि शिवरीनारायण में आयोजित होने वाला मेला छत्तीसगढ़ का विशेष और भव्य मेला है यहां पूर्णिमा के दिन ही मां भगवती गंगा मैया की महाआरती होती है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं। उन्होंने आयोजनकर्ता व प्रशासन की टीम को धन्यवाद दिए। शिवरीनारायण महोत्सव के अवसर पर कार्यक्रम स्थल में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है।