
गुरुग्राम: देशभर में भीषण गर्मी का कहर जारी है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मध्यप्रदेश समेत देश के तमाम राज्यों में अघोषित बिजली कटौती आग में घी डालने का काम कर रही है. देश के तमाम हिस्सों में हो रही बिजली कटौती के पीछे कोयले की कमी को प्रमुख वजह माना जा रहा है.
अब बिजली कटौती से न सिर्फ जनता बल्कि कारोबारी और व्यापारी भी परेशान हो रहे हैं. गुरुग्राम इंडस्ट्रियल एसोसिएशन का कहना है कि अघोषित बिजली कटौती से भारी नुकसान हो रहा है. इतना ही नहीं एसोसिएशन ने स्पेशल पावर सप्लाई की मांग की है, ताकि उनके उद्योग चल सकें. साथ ही एसोसिएशन की ओर से बिजली की निश्चित दरों में भी कटौती की मांग की है.
इस बीच गृह मंत्री अमित शाह ने देश में बढ़ रहे बिजली संकट पर अहम बैठक बुलाई है जो कुछ देर में शुरू होने वाली है. मीटिंग में ऊर्जा मंत्री आरके सिंह, कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी आदि अधिकारी शामिल होंगे. दूसरी तरफ गुरुग्राम इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के चीफ जेएन मंगला ने कहा, इन उद्योगों में मशीनों को बिना रुके चलना होता है. लेकिन बिजली कटौती के चलने से मशीनें रुक जाती हैं, इसके चलते हमें नुकसान उठाना पड़ रहा है.