धमतरी। धमतरी के बनियापारा वार्ड निवासी 74 वर्षीय वृद्धा ने अपने पेंशन और परिवार वालों से मिले 2,80,500 रुपये को घर की आलमारी में रखा था। वह इस राशि को अपने समाज में दान में देना चाहती थी। घर पर दूध देने आने वाला लड़का राशि लेकर भाग गया। जानकारी के अनुसार चंद्रा देवी लालवानी दुर्गा चौक बनियापारा वार्ड धमतरी में अकेली रहती हैं। उन्होंने पेशन का पैसा तथा परिवार वालों से मांगा हुआ पैसा और अपने पति की फोटो सिंधी समाज में दान देने के लिए घर के पीछे के कमरे में आलमारी में रखा था। 2,80,500 रुपये उन्होंने आलमारी में रखा था।
चार अक्टबर की सुबह आठ बजे प्रतिदिन की तरह दूध देने वाला लड़का घर पर आया। उससे बर्तन में दूध लेकर वृद्धा अंदर गई। उसी समय उसे आलमारी खुलने की आवाज आई। दूध देने वाले लड़के को उसने घर से तेजी से बाहर आते देखा। इसके बाद दूध वाला लड़का भाग गया। आलमारी के पास जाकर वृद्धा ने देखा तो 2,80,500 रुपये गायब थे। पुलिस ने दूध वाले विशाल नाम के युवक के विरुद्ध चोरी का प्रकरण पंजीबद्ध किया है।