नई दिल्ली:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन के संयमित उपयोग की अपील पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आम आदमी की तरह नई दिल्ली में कारकेड छोड़कर मेट्रो ट्रेन से सफर किया। मेट्रो में सफर के दौरान सीएम ने जनता से संवाद भी किया। साथ में बैठे यात्रियों से उनके विचारों को जाना।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शिवाजी स्टेडियम से लेकर दिल्ली एरोसिटी तक मेट्रो ट्रेन में यात्रा की। इस दौरान उनका जनता से आत्मीय संवाद भी हुआ। कुछ महिलाओं ने उनसे कहा कि मध्यप्रदेश बहुत खूबसूरत है। वे प्रदेश के कई हिस्से घूम चुकी हैं। इस पर सीएम डॉ. मोहन ने उन्हें धन्यवाद कहा।
यात्रियों से की चर्चा यात्रियों से चर्चा के दौरान सीएम ने बताया कि विश्वास और विकास साथ-साथ कैसे चल सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर लगातार आगे बढ़ रहे हैं। इसके लिए राज्य सरकार ने गाइडलाइन भी बनाई है।
सीएम डॉ. मोहन यादव वो सब उपाय कर रहे हैं, जिससे देश के लिए डॉलर बचे और देश की विदेश पर निर्भरता कम हो। उनका मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का सबको पालन करना चाहिए। यह देश हित में है। देश को मजबूत स्थिति में लाना है तो जीवन पद्धति में अनुशासन और परिवर्तन लाना पड़ेगा।
केन्द्रीय मंत्रियों से मिले सीएम दिल्ली में सीएम ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू, प्रहलाद जोशी, मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की। सीएम के साथ संबंधित विभागों के अधिकारी भी केन्द्रीय मंत्रियों के साथ हुई मुलाकातों के दौरान मौजूद रहे।
एमपी सरकार ने बनाई गाइडलाइन इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर हमारी सरकार ने अच्छे से काम किया है। हम भी इस पर काम कर रहे हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि हम सब मिलकर इस पर अमल करेंगे।
इस पर अमल करने से देश के लिए डॉलर बचेगा, हमारी विदेश पर निर्भरता कम होगी। हमारी सरकार वर्चुअल रूप से कैबिनेट करने, मंत्रियों और निगम मंडल के पदाधिकारियों को इसके लिए प्रोत्साहित करने का काम कर रही है। हमने इस अपील को लेकर एक गाइडलाइन बनाई है। हम उसकी तरफ आगे बढ़ रहे हैं।
अपने काफिले की कम कर दीं गाड़ियां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर पहले ही अपने कारकेड में वाहनों की संख्या कम कर चुके हैं। उन्होंने कैबिनेट में मंत्रियों से भी वर्तमान वैश्विक संकट को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने की अपील की।
सीएम डॉ. यादव का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर मध्यप्रदेश गंभीरता से इस पर अमल करेगा। अब उनके दौरे के दौरान वाहन रैली नहीं निकाली जाएगी। सभी मंत्री भी सफर में कम गाड़ियों का इस्तेमाल करेंगे।
