मध्यप्रदेश:- छिंदवाड़ा जिले के परासिया से कांग्रेस विधायक की बहू ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी. मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला है, हालांकि मृतिका के मायके वालों ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. इस मामले के सामने आने के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घर को सील कर दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
मोनिका का विवाह विधायक सोहनलाल के बेटे आदित्य से ढाई साल पहले हुआ था. बेटी की मौत पर मृतिका की मां ने अपने दामाद आदित्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद शव का पोस्टमार्टम परासिया में न कराकर छिंदवाड़ा में कराया जा रहा है.
फांसी पर लटकी मिली बहू
मामला छिंदवाड़ा के परासिया थाना क्षेत्र का है. मंगली बाजार में स्थित घर में कांग्रेस विधायक सोहनलाल वाल्मीकि की बहू मोनिका ने घर में फांसी लगा ली. सुबह काफी देर तक जब मोनिका कमरे से बाहर नहीं आई तो परिवार के लोगों को शक हुआ. इसके बाद जैसे-तैसे मोनिका के कमरे का दरवाजा खोला. कमरे में मोनिका फांसी पर लटकी मिली. इसके बाद परिजनों ने उसे तुरंत फंदे से उतारा और अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने मोनिका को मृत घोषित कर दिया.
जांच में जुटी पुलिस
इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मकान को सील कर दिया है, साथ ही फोरेन्सिक टीम जांच में जुट गई है.
फिलहाल सुसाइड की वजह सामने नहीं आई है. मामला आत्महत्या से जुड़ा है या हत्या से, पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. मृतिका मोनिका का मायका इटारसी में है. उसके मायके पक्ष के लोग सूचना के बाद पहुंच गए.
