रीवा:- विंध्यवासियों के हवा में सफर का सपना जल्द ही साकार होने जा रहा है। रीवा में बनाए जा रहे एयरपोर्ट का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इसी बीच रीवा एयरपोर्ट की पहली तस्वीर सामने आई। जिसने रीवा समेत विंध्यवासियों को रोमांचित कर दिया। डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल शनिवार को निर्माणाधीन हवाई अड्डे का निरीक्षण करने पहुंचे और कार्यों की तेजी से संतुष्ट भी नजर आए। हालांकि संबंधित निर्माण एजेंसी व अधिकारियों को उन्होंने अंतिम चरण में चल रहे कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आज रीवा में निर्माणाधीन एयरपोर्ट का निरीक्षण किया एवं रीवा हवाई अड्डे का निर्माण न केवल रीवा की कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करेगा बल्कि यहां रोजगार और निवेश के नए अवसर भी सृजित करेगा एवं विकसित रीवा, विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देगा।
जानकारी के अनुसार रीवा एयरपोर्ट में रनवे, कनेक्टिंग रोड, यात्री प्रतिक्षालय भवन आदि का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। जबकि एटीसी टॉवर के इंस्टालेशन का काम अपने आखिरी दौर में है। इन सबके पीछे उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का भागीरथी प्रयास उल्लेखनीय है।
रीवा हवाई अड्डा का काम करने वाली पूना की कंपनी एयरपोर्ट इंफ्रा के सूत्रों ने बताया कि रनवे बनाने में सात महीने का समय लगा है। शुरू में भूमि अधिग्रहण और फॉल्कन एवियेशन की अड़चने दूर करने में महीने भर का समय जाया हुआ, बावजूद इसके कंपनी ने तीन माह दिन रात एक कर रनवे को तैयार कर डालाारनवे की लंबाई 1800 मीटर और चौड़ाई 30 मीटर है। इसके अलावा रनये के दोनों तरफ 3.50 मीटर के दो शोल्डर भी बन चुके हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और पूना इनका के बीच हुए एग्रीमेंट में एक साल के भीतर हवाई अड्डा बनाना था और कंपनी ने कर दिखाया।




