प्रयागराज। एक लड़की ने सीएम योगी आदित्यनाथ को ट्वीट कर अपने निकाह में आने का निमंत्रण भेजा है, इसके साथ ही उसने बड़ी की चालाकी से गंदगी हटवाने और सड़क बनाने की अपील भी कर दी। नुकुश फातमा ने अपने ट्वीट में लिखा ”माननीय मुख्यमंत्री जी 7 दिसंबर को मेरी शादी है जिसमें आप सादर आमंत्रित हैं, कृप्या कर के मेरे मोहल्ले की सड़क बना दीजिए, जिसमें आपको और मेरे मेहमानों को आने में कोई असुविधा ना हो”। आपकी बेटी नुकुश।
नुकुश ने साथ में यह भी लिखा है कि पिछले कई सालों से उसके घर की तरफ आने वाली सड़क तकरीबन 200 मीटर ही बनी है, साथ ही यहां पर गोबर का ढेर लगा है, जिसकी वजह से मोहल्ले में बदबू और बीमारी होने का खतरा काफी बढ़ा हुआ है, ऐसे में शादी में आने वाले महमानों को यहां आने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा, साथ ही डेंगू का डर भी सता रहा है।
धूमनगंज इलाके के अबुबकरपुर के रहने वाले अता अफजल की बेटी का निकाह लखीमपुर खीरी में हो रहा है, बारात 7 दिसंबर को आने वाली है, जहां पर मेहमानों के लिए खाना और शादी का इंतजाम किया गया है।