छत्तीसगढ़:- क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर दंतेवाड़ा पहुंचेंगे. इस खास मौके पर सीएम विष्णुदेव साय भी मौजूद रहेंगे. नक्सल मुक्त हो रहे इस जिले को खेल के जरिए पहचान दिलाने की कोशिश हो रही है. सचिन के दौरे को लेकर एक दिव्यांग ने उनके साथ एक ओवर खेलने की डिमांड की है.
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा से एक ऐसी कहानी उभर कर सामने आ रही है, जो सिर्फ खेल तक सीमित नहीं है. यह कहानी है अटूट हौसले, बड़े सपनों और नामुमकिन को मुमकिन कर दिखाने की. पूरे बस्तर संभाग में इन दिनों एक ही चर्चा है, क्या सचिन तेंदुलकर दंतेवाड़ा के दिव्यांग खिलाड़ी मड्डाराम के साथ क्रिकेट खेलेंगे? 22 अप्रैल को सचिन तेंदुलकर दंतेवाड़ा आने वाले हैं. उनके दौरे से पहले मड्डाराम ने इच्छा जाहिर की है कि वो अपने आइडल के साथ क्रिकेट खेलें. मड्डाराम की सिर्फ एक ही ख्वाहिश है, अपने हीरो के साथ क्रिकेट खेलना.
खेल की तरफ बढ़ता बस्तर
सचिन तेंदुलकर पहली बार सपरिवार दंतेवाड़ा आ रहे हैं. कभी नक्सलवाद के साये में रहे इस जिले के लिए यह दौरा उत्सव से कम नहीं हैं. प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में होने वाला यह कार्यक्रम दंतेवाड़ा को वैश्विक खेल मानचित्र पर स्थापित करने की एक बड़ी कोशिश है. सचिन तेंदुलकर यहां छिंदनार, जावंगा और पनेड़ा में नवनिर्मित अत्याधुनिक खेल मैदानों का लोकार्पण करेंगे, जो स्थानीय युवाओं के भविष्य के लिए बड़ा कदम है.
जज्बे का नाम है मड्डाराम कवासी
इस पूरे दौरे के बीच एक नाम की चर्चा तेजी हो रही है-मड्डाराम कवासी. कटेकल्याण ब्लॉक के सुदूर बेंगलुरु गांव के रहने वाले मड्डाराम ने साबित कर दिया कि शारीरिक अक्षमता कभी सपनों की राह में रोड़ा नहीं बन सकती. जन्म से ही पोलियो के कारण दोनों पैरों से दिव्यांग मड्डाराम जब क्रिकेट खेलते हैं, तो देखने वालों की आंखें नम और सीन गर्व से चौड़ा हो जाता है.
सचिन ने किया था सलाम
मड्डाराम और सचिन के बीच का रिश्ता नया नहीं है. साल 2020 में सचिन तेंदुलकर ने मड्डाराम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा था कि खेल के प्रति ऐसा जुनून देखकर मैं भावविभोर हूं. सचिन ने मड्डाराम की तारीफ की थी. उनके एक ट्विट ने मड्डाराम को रातों-रात पहचान दिला दी थी. वर्तमान में मड्डाराम जावंगा में कक्षा 11वीं की पढ़ाई कर रहे हैं.
सचिन के साथ खेलना है क्रिकेट
मड्डाराम की बस एक ही तमन्नाहै कि वे अपने आदर्श सचिन तेंदुलकर के साथ कम से कम एक ओवर क्रिकेट खेल सकें. मड्डाराम की यह जिद और सचिन का बड़प्पन मिलकर दंतेवाड़ा में नया अध्याय लिख सकते हैं. जब से मड्डाराम को सचिन के आने की खबर मिली है, तो मड्डाराम की खुशी का ठिकाना नहीं है. उनकी एक ही ख्वाहिश है, अपने हीरो के साथ एक ओवर क्रिकेट खेलना.
