छत्तीसगढ़ :– सरकार ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बड़ी सौगात दी है। सामान्य प्रशासन विभाग (शासकीय कर्मचारी कल्याण शाखा) ने 4 अगस्त 2026 को राजपत्र में अधिसूचना जारी कर राज्य के 156 खिलाड़ियों को ‘उत्कृष्ट खिलाड़ी’ घोषित किया है। यह निर्णय वर्ष 2007 की उस नीति के तहत लिया गया है, जिसके अंतर्गत उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में नियुक्ति का अवसर प्रदान किया जाता है।
जारी अधिसूचना के अनुसार इन खिलाड़ियों को उनके खेल प्रदर्शन और निर्धारित पात्रता के आधार पर उत्कृष्ट खिलाड़ी की श्रेणी में शामिल किया गया है। अब ये खिलाड़ी राज्य सरकार की सरकारी नौकरियों में खेल कोटे के तहत नियुक्ति के लिए पात्र होंगे। यह फैसला प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से खिलाड़ी इस सूची का इंतजार कर रहे थे।
अधिसूचना में तीरंदाजी, बैडमिंटन, फेंसिंग, हॉकी, कराते, कयाकिंग-कैनोइंग, पैरा एथलेटिक्स, पैरा स्विमिंग, सॉफ्ट टेनिस, वुशु, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, नेटबॉल, व्हीलचेयर फेंसिंग, सॉफ्टबॉल, तैराकी, पावरलिफ्टिंग, वेटलिफ्टिंग और अन्य खेलों के खिलाड़ियों के नाम शामिल किए गए हैं। सूची में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, कोरबा, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, महासमुंद, गरियाबंद, कबीरधाम, रायगढ़, बेमेतरा समेत प्रदेश के कई जिलों के खिलाड़ी शामिल हैं।
राज्य सरकार की वर्ष 2007 की नीति का उद्देश्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें सरकारी सेवा में अवसर उपलब्ध कराना है। इसी नीति के तहत पात्र खिलाड़ियों की सूची तैयार कर अधिसूचना प्रकाशित की गई है।
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। खिलाड़ियों का मानना है कि इससे न केवल उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को रोजगार का अवसर मिलेगा, बल्कि युवा खिलाड़ियों को भी खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी। राज्य सरकार की यह पहल खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
