
लोग इश्क में अपने साथी के लिए कुछ कर गुजरने के लिए इस कदर पागल हो जाते हैं कि उन्हें आगे की कोई सुध नहीं रहती। लेकिन एक पायलट को अपनी गर्लफ्रेंड को खुश करने के लिए कुछ करना भारी पड़ गया। पायलट ने उड़ान के दौरान अपनी गर्लफ्रेंड को कॉकपिट में जाने की अनुमति दे दी, इतना ही नहीं उसने अपनी गर्लफ्रेंड को खुश करने के लिए पूरी फ्लाइट को लिविंग रूम बना दिया।
दरअसल, एयर इंडिया की दुबई-दिल्ली उड़ान के दौरान एक पायलट ने अपनी गर्लफ्रेंड के लिए यह सब किया था जिसके बाद इसकी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए एयरलाइन भी जांच कर रही है। एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा कि एयरलाइन यात्रियों की सुरक्षा और देखभाल से संबंधित पहलुओं में कमी को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी और इस घटना के संबंध में जरूरी कार्रवाई करेगी
पायलट पर आरोप है कि उसने अपनी फ्रेंड के स्वागत के लिए केबिन क्रू को खास निर्देश दिए थे। इसके अलावा अपनी मित्र को बिजनेस क्लास का खाना भी खिलाने का आरोप है। घटना को लेकर एयरलाइन के एक अधिकारी ने पुष्टि करते हुए कहा कि एयर इंडिया ने उठाए गए मुद्दों की जांच के लिए एक समिति गठित की है।