नई दिल्ली:– दिन भर निकलने वाली तेज धूप और उमस भरी गर्मी के चलते इस पूरे सप्ताह दिल्ली का तापमान सामान्य से अधिक ही रहेगा। इसका मतलब यह है कि इस महीने की शुरुआत में गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं लग रही है।
इस बीच रविवार को भी सुबह ही धूप निकल गई थी। दिन चढ़ने के साथ साथ यह और तीखी होती गई। इसके चलते अधिकतम तापमान में इजाफा हुआ। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा 35.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 90 से 37 प्रतिशत तक रहा।
इस हफ्ते रोज ही निकलेगी धूप
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सप्ताह दिन के समय रोजाना ही तेज धूप निकली रहेगी। इसी वजह से अधिकतम तापमान भी 35 से 36 डिग्री के बीच जबकि न्यूनतम 24 से 25 डिग्री सेल्सियस तापमान बना रहेगा।
वहीं, दिल्ली की हवा में प्रदूषण के स्तर में हल्का इजाफा तो हुआ है, लेकिन हवा अभी भी ‘मध्यम’ श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक रविवार को दिल्ली का एक्यूआई 143 रहा। इस स्तर की हवा को ‘मध्यम’ श्रेणी में रखा जाता है। अगले दो दिनों के बीच प्रदूषण के स्तर में और इजाफा होने की संभावना है।
