नई दिल्ली :– अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अपनी टैरिफ नीति की तारीफ की है। उन्होंने दावा किया है कि उनके प्रशासन की ओर से विभिन्न देशों पर लगाए गए टैरिफ से अमेरिका को अब तक सैकड़ों अरब डॉलर की कमाई हो चुकी है और जल्द ही यह आंकड़ा 600 अरब डॉलर को पार कर जाएगा। ट्रंप ने इसे देश की आर्थिक ताकत और राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़ते हुए कहा कि इस नीति की वजह से अमेरिका पहले से कहीं ज्यादा मजबूत और सम्मानित हो गया है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया कि अमेरिका ने टैरिफ से अब तक बड़ी रकम जुटाई है और जल्द ही 600 अरब डॉलर से ज्यादा की कमाई हो जाएगी। उन्होंने मीडिया पर हमला बोलते हुए कहा कि फेक न्यूज वाले इस मुद्दे पर चुप हैं क्योंकि वे अमेरिका से नफरत करते हैं और देश को कमजोर देखना चाहते हैं।
ट्रंप ने टैरिफ नीति को लेकर अपनी पीठ थपथपाई
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि टैरिफ की वजह से अमेरिका आर्थिक रूप से और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से पहले से बहुत मजबूत हो गया है। उन्होंने कहा, “ईश्वर अमेरिका को आशीर्वाद दें।” ट्रंप लंबे समय से टैरिफ के समर्थक रहे हैं और इसे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का बड़ा हथियार मानते हैं।
हालांकि, उनकी इस नीति को लेकर विवाद भी कम नहीं है। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में टैरिफ लगाने के राष्ट्रपति के अधिकारों पर चुनौती दी गई है। ट्रंप ने पहले भी कहा था कि अगर कोर्ट उनकेफैसले के खिलाफ जाता है तो यह अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अब तक की सबसे बड़ी धमकी होगी। कोर्ट में नवंबर में सुनवाई हुई थी और फैसला 2026 में आने की उम्मीद है। ट्रंप ने मीडिया पर आरोप लगाया कि वे इस मुद्दे को जानबूझकर दबा रहे हैं ताकि कोर्ट के आने वाले फैसले पर असर पड़े।
