रायपुर :- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब तोमर बंधुओं के अवैध ऑफिस पर नगर निगम का बुलडोजर चला। यह ऑफिस भाठागांव क्षेत्र में स्थित था, जिसे बिना नक्शा पास कराए और अनाधिकृत रूप से तैयार किया गया था।
निगम की कार्रवाई में उस ऑफिस को जमींदोज कर दिया गया, जो शुभकामना वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से संचालित हो रहा था। यह दफ्तर रोहित तोमर और भावना तोमर के नाम पर पंजीकृत था। कार्रवाई के दौरान नगर निगम, पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही।
गौरतलब है कि रोहित तोमर और वीरेंद्र तोमर, दोनों भाई बीते दो महीने से फरार हैं और कोर्ट ने उन्हें भगोड़ा घोषित कर रखा है। रायपुर पुलिस ने इन दोनों हिस्ट्रीशीटरों पर इनाम घोषित किया हुआ है। दोनों पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और लंबे समय से कानून की पकड़ से बाहर हैं।
इस पूरी कार्रवाई को विष्णु देव साय सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत देखा जा रहा है, जो कानून व्यवस्था के प्रति सरकार की गंभीरता को दर्शाता है।
