झारखंड:- झारखंड से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू के ठिकानों से इनकम टैक्स ने अब तक 290 करोड़ रुपये से ज्यादा का कैश बरामद किया है. इसे लेकर कई नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है।
इसे लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, आज वैश्विक भ्रष्टाचार विरोधी दिन है. सौभाग्य से दो दिन पहले ही हमने ऐसी तस्वीरें देखी, जिसमें एक सांसद के घर से इतना कैश मिला. यह देखकर मैं अचंभित रह गया. मैं दावे से कह सकता हूं कि किसी ने इतने नोट एकसाथ अपने जीवन में नहीं देखे होंगे, सिर्फ बैंकों के कैशियर ने ही इतने नोट देखे होंगे.
अनुराग ठाकुर का कांग्रेस पर निशाना
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, करप्शन और कांग्रेस दो सगी बहनें हैं. जहां एक जाती है, दूसरी खुद-ब-खुद चली जाती है. कांग्रेस नेताओं के घर अरबों रुपये कैश छापेमारी में पकड़ा जा रहा है. नोटबंदी से घमंडिया गठबंधन को इतनी दिक्क्त क्यों थी, ये उसका प्रमाण है.
उन्होंने कहा, कांग्रेस के सांसद के ठिकानों पर जो छापे पड़े हैं, उनके और उनके करीबियों के पास से 220 करोड़ रुपये से ज्यादा का धन, नोटों की गड्डियां अलमारियों में भरी पड़ी मिली है. नोटों को गिनते हुए मशीनें गरम हो गई. 32 बैंकों के अधिकारी भी कम पड़ गए, लेकिन नोटों की गड्डियां खत्म नहीं हुई. इतना पैसा कांग्रेस के एक भ्रष्ट सांसद के यहां से मिला. कांग्रेस तो भ्रष्टाचार की जननी है.
रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी से पूछा सवाल
राज्यसभा सांसद के ठिकानों पर मिले कैश पर बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, राहुल गांधी से पूछना चाहिए कि ये मोहब्बत की कौन सी दुकान है. कांग्रेस के एक सांसद से जुड़े परिसर से 200 करोड़ रुपए मिले हैं. कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार की मूर्ति है.
अमित मालवीय की प्रतिक्रिया
बीजेपी आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने कहा, “राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा दरअसल भारत के चोरों को जोड़ने की यात्रा थी. कांग्रेस करप्शन की दुकान है. झारखंड में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू के ठिकानों से बरामद लगभग 300 करोड़ रुपए इसका जीता-जागता प्रमाण है. लूट-खसोट करना कांग्रेस के नस-नस में है।
