नई दिल्ली:– देशभर में पेट्रोल-डीजल और सीएनजी के दामों में बढ़ोतरी की गई है। इस महंगाई भविष्यवाणी राहुल गांधी ने पहले ही कर दी थी, जो कि अब सच हो गई है। राहुल गांधी ने विधानसभा चुनाव से पहले दावा किया था कि चुनाव खत्म होने के बाद पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ जाएंगे। उनके इस दावे पर केंद्र सरकार खरी उतरी और आज पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 3 रुपये की वृद्धि की।
कीमतों में बढ़ोतरी के बाद कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस ने कहा कि चुनाव खत्म होने के बाद सरकार ने वसूली शुरू की है। पार्टी के नेताओं का कहना है कि तेल की कीमतें बढ़ने से महंगाई बढ़ना भी तय है।
राहुल गांधी ने की थी भविष्यवाणी
आपको याद दिला दें, कि 28 अप्रैल को राहुल गांधी ने एक पोस्ट किया था। इस पोस्ट में उन्होंने साफ लिखा था, चुनावी राहत खत्म, महंगाई की मार तैयार! 29 अप्रैल के बाद, सावधान – पेट्रोल, डीजल, सब कुछ महंगा हो जाएगा। जब तेल सस्ता था, तो मोदी सरकार ने अपना मुनाफा रखा। अब जब यह महंगा है, तो वह इसका बोझ आप पर डालेगी। जो सरकार सस्ते में लूटती है। जनता को सिर्फ महंगाई की मार मिलती है।
जयराम रमेश ने बोला हमला
इस पर कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया और केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने एक्स पर लिखा, “सालों तक जब अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतें कम थीं या गिर रही थीं, तब भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस लगातार यह मांग करती रही कि इसका लाभ भारतीय उपभोक्ताओं को मिलना चाहिए और गैस, पेट्रोल व डीजल की घरेलू कीमतों में कमी की जानी चाहिए। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और उपभोक्ताओं को लूटा गया।”
पेट्रोल-डीजल और सीएनजी के नए रेट
बता दें, कि पूरे देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ₹3 से ज़्यादा की बढ़ोतरी हुई है, जबकि CNG की दरों में ₹2 का इजाफा हुआ है। नई दरों के अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल की कीमत ₹3.14 प्रति लीटर बढ़कर ₹97.77 हो गई है, जबकि डीज़ल ₹3.11 महंगा होकर ₹90.67 प्रति लीटर पर पहुंच गया है। वहीं, दिल्ली में CNG की नई दर ₹79.09 प्रति किलोग्राम है।
