छत्तीसगढ़:- मध्यमिक शिक्षा मंडल मध्य प्रदेश (MP Board), भोपाल ने अनाथ और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए अहम फैसला लिया है. जिन छात्रों के माता-पिता दोनों का निधन हो चुका है, उन्हें मंडल की ओर से आयोजित परीक्षाओं में शामिल होने के लिए परीक्षा शुल्क और नामांकम शुल्क नहीं देना होगा. यह सुविधा शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू की जाएगी.
मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के अनुसार हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी समेत अन्य परीक्षाओं में ऐसे विद्यार्थी भी शामिल होते हैं, जिनके माता-पिता दोनों का निधन हो चुका है. इनमें कुछ छात्र रिश्तेदारों के सहारे अपनी पढ़ाई जारी रखते हैं, जबकि कई विद्यार्थी शासन या शासन से अधिकृत संस्थाओं द्वारा संचालित अनाथालयों में रहकर शिक्षा हासिल कर रहे हैं. आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण इन विद्यार्थियों के लिए कई बार परीक्षा और नामांकन शुल्क जमा करना भी चुनौती बन जाता है. ऐसे में शुल्क की व्यवस्था उनके लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ का कारण बनती है.इसे ध्यान में रखते हुए, माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने ऐसे छात्रों को फीस में राहत देने का फैसला किया है. अब योग्य छात्रों को बोर्ड द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं के लिए पूरी परीक्षा और नामांकन फीस नहीं देनी होगी.
छात्रों को करना होगा ये काम
बोर्ड ने साफ किया है कि फीस माफी का फायदा उठाने के लिए, छात्रों को परीक्षा फॉर्म भरते समय जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे. इसके लिए माता और पिता, दोनों का मृत्यु प्रमाण पत्र जमा करना जरूरी है. अगर कोई छात्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे या मान्यता प्राप्त संस्थान में रह रहा है, तो ऐसे संस्थान द्वारा जारी प्रमाण पत्र भी स्वीकार किया जाएगा. MP बोर्ड के इस फैसले को आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों और उन छात्रों के लिए राहत के तौर पर देखा जा रहा है, जिन्होंने अपने माता-पिता दोनों को खो दिया है. इससे ऐसे छात्रों को आर्थिक तंगी की वजह से अपनी पढ़ाई या परीक्षा छोड़ने से बचाने में मदद मिलेगी. इस सुविधा का लाभ 2026-27 एकेडमिक सेशन की परीक्षाओं से मिलना शुरू हो जाएगा.
10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा का टाइम टेबल जारी
इस बीच मध्य प्रदेश बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (MPBSE) ने हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी मुख्य परीक्षाओं के लिए समय सारिणी जारी कर दी है. नए जारी शेड्यूल के अनुसार कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी, 2027 से शुरू होंगी और कक्षा 10 की परीक्षाएं 24 फरवरी से शुरू होंगी. दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित की जाएंगी.
