नई दिल्ली:– IPL 2026 के 30वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने लगातार चार हार के बाद शानदार वापसी करते हुए गुजरात टाइटंस को 99 रनों से करारी शिकस्त दी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मुंबई की जीत के हीरो तिलक वर्मा रहे, जिन्होंने शानदार शतक जड़ा।
तिलक वर्मा का तूफानी शतक
मुंबई इंडियंस की शुरुआत एक बार फिर खराब रही। क्विंटन डिकॉक और दानिश मालेवार जल्दी आउट हो गए, जबकि सूर्यकुमार यादव भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। इसके बाद तिलक वर्मा और नमन धीर ने पारी को संभाला। नमन धीर 45 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन तिलक वर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और फिर मात्र 45 गेंदों में अपना शतक जड़ दिया। तिलक ने अपनी पारी में 8 चौके और 7 छक्के लगाए और टीम को 199 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
गुजरात की बल्लेबाजी पूरी तरह फेल
200 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही। पहली ही गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने साई सुदर्शन को आउट कर दिया। इसके बाद हार्दिक पंड्या ने जोस बटलर का विकेट झटका। शुभमन गिल भी ज्यादा देर टिक नहीं सके और 14 रन बनाकर आउट हो गए। वाशिंगटन सुंदर ने 26 रन बनाकर थोड़ी कोशिश की, लेकिन बाकी बल्लेबाज पूरी तरह नाकाम रहे। पूरी टीम 16वें ओवर में सिर्फ 100 रन पर ऑलआउट हो गई।
मुंबई की घातक गेंदबाजी
मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। जसप्रीत बुमराह ने शुरुआती झटका दिया, जबकि हार्दिक पंड्या और मिचेल सेंटनर ने भी अहम विकेट निकाले। अश्वनी कुमार ने 4 विकेट लेकर गुजरात की बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
टी5
पॉइंट्स टेबल में बड़ा बदलाव
इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने अंक तालिका में बड़ी छलांग लगाई है। टीम अब 6 मैचों में 4 अंक लेकर 10वें स्थान से सीधे 7वें स्थान पर पहुंच गई है। वहीं गुजरात टाइटंस 6 मैचों में 6 अंक के साथ छठे स्थान पर बनी हुई है।
तिलक वर्मा की शानदार पारी
मुंबई इंडियंस के लिए यह जीत आत्मविश्वास बढ़ाने वाली रही, खासकर तब जब टीम लगातार हार का सामना कर रही थी। तिलक वर्मा की शानदार पारी और गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन ने टीम को एक नई शुरुआत दी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या मुंबई इस लय को आगे भी बरकरार रख पाती है।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
मुंबई इंडियंस: दानिश मालेवार, क्विंटन डिकॉक, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), तिलक वर्मा, शेरफेन रदरफोर्ड, मिचेल सेंटनर, कृष भगत, जसप्रीत बुमराह, एएम गजनफर
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल, साई सुदर्शन, जोस बटलर, वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राशिद खान, मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा, प्रसिद्द कृष्णा, अशोक शर्मा
