नई दिल्ली:– -एनसीआर समेत देश के कई राज्यों में इन दिनों मानसून सक्रिय है। राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत में जहां हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है, वहीं केरल समेत दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी वर्षा के चलते बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। असम में भी कई क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 4 अगस्त के लिए ताजा मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को देश के 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश की संभावना है। इनमें दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, बिहार, राजस्थान और झारखंड समेत कई राज्य शामिल हैं।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश का येलो अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह से ही बादलों का डेरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने 4 अगस्त के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। आईएमडी के मुताबिक पूरे सप्ताह रुक-रुक कर बारिश होने और आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, हालांकि हवा में अधिक नमी के कारण उमस बनी रह सकती है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 अगस्त तक अधिकांश स्थानों पर वर्षा होने का अनुमान है, जबकि 4 अगस्त को कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 7 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है और मंगलवार को वहां भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।
बिहार में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
बिहार में मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने 5 अगस्त तक राज्य के कई इलाकों में व्यापक बारिश का अनुमान जताया है। मंगलवार को कई जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।6
राजस्थान के कई जिलों में बरसात जारी
राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में भी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून का निम्न दबाव क्षेत्र उत्तर की ओर बढ़ने के कारण जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभाग में वर्षा गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है। वहीं 5 अगस्त तक बीकानेर, शेखावाटी, जयपुर और भरतपुर संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
झारखंड में भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने झारखंड के कई जिलों के लिए अगले चार दिनों तक येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 6 अगस्त तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई जिलों में भारी वर्षा होने का अनुमान है।
मंगलवार को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़ और बोकारो में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इन राज्यों में भी बारिश की संभावना
असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और तटीय कर्नाटक में भारी बारिश का अनुमान है।
