नई दिल्ली:– भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, 14 अप्रैल को उत्तर-पूर्व भारत में चक्रवाती सर्कुलेशन के प्रभाव के चलते असम व मेघालय में हल्की से मध्यम बारिश होगी। गरज-चमक के साथ 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
IMD के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज बारिश की संभावना कम है, लेकिन 17 से 19 अप्रैल तक हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश और बिहार में दोपहर-शाम के समय 30-40 किमी प्रति घंटे से तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 14-15 अप्रैल को हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
बिजली गिरने की आशंका (Weather Forecast )
उत्तर कर्नाटक में 14-17 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। गरज-चमक और 30 किमी घंटा तक की हवाएं चलने की संभावना है। कर्नाटक में भी 14-17 अप्रैल तक बिजली चमकने और हल्की बारिश के आसार हैं। केरल में मंगलवार को बिजली गिरने की आशंका है। गुजरात के सौराष्ट्र व कच्छ में भी आज हीट वेव की स्थिति देखने को मिल सकती है.
छत्तीसगढ़ समेत इन राज्यों में हीट वेव की चेतावनी (Weather Forecast )
महाराष्ट्र में तापमान में धीरे-धीरे 2-6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ने की आशंका है, जिससे 15-16 अप्रैल को हीट वेव चलने की संभावना है। मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में 15-18 अप्रैल के आस-पास हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है। बिहार, सौराष्ट्र, कच्छ, गोवा, ओडिशा, गुजरात में फिलहाल मौसम गर्म बना रहेगा।
