नई दिल्ली:– अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता को लेकर बड़ा झटका सामने आया है, जहां एक ताजा सर्वे के मुताबिक उनकी कुल अप्रूवल रेटिंग घटकर 37 प्रतिशत रह गई है, जबकि 62 प्रतिशत अमेरिकी उनके कामकाज से असहमत नजर आ रहे हैं, जिससे चुनाव से पहले उनकी सियासी स्थिति पर सवाल खड़े हो गए हैं।
‘वाशिंगटन पोस्ट-एबीसी न्यूज-इप्सोस’ के सर्वे के अनुसार, ईरान के साथ बढ़ते तनाव और आर्थिक मुद्दों ने ट्रंप की छवि को प्रभावित किया है, जहां 66 प्रतिशत लोगों ने ईरान नीति को लेकर असहमति जताई, जबकि केवल 33 प्रतिशत ने समर्थन किया। अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर भी ट्रंप को झटका लगा है, उनकी रेटिंग गिरकर 34 प्रतिशत पर आ गई है, वहीं महंगाई के मुद्दे पर यह आंकड़ा 27 प्रतिशत और जीवन-यापन की लागत पर सिर्फ 23 प्रतिशत रह गया, जहां 76 प्रतिशत लोगों ने असंतोष जाहिर किया।
हालांकि, इमिग्रेशन के मुद्दे पर उन्हें कुछ राहत मिली है, जहां 45 प्रतिशत लोगों ने उनकी नीतियों को समर्थन दिया, लेकिन 54 प्रतिशत अब भी असहमत हैं। सर्वे में यह भी सामने आया कि बड़ी संख्या में अमेरिकी अब किसी भी राजनीतिक दल पर पूरी तरह भरोसा नहीं कर रहे हैं, खासकर अर्थव्यवस्था, अपराध और महंगाई जैसे मुद्दों पर। बावजूद इसके, रिपब्लिकन समर्थकों के बीच ट्रंप की पकड़ अब भी मजबूत बनी हुई है, जहां उन्हें 85 प्रतिशत का समर्थन हासिल है, लेकिन गिरती कुल लोकप्रियता ने साफ संकेत दे दिए हैं कि आगामी चुनावों से पहले ट्रंप के लिए राह आसान नहीं रहने वाली।
