मध्य प्रदेश:- UCC को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं. आज 22 जून को भोपाल में UCC ड्राफ्टिंग कमेटी की एक अहम बैठक होगी, जिसमें अलग-अलग विभागों के अधिकारी, आयोगों के प्रतिनिधि, राजनीतिक दलों के सदस्य, धार्मिक नेता और विशेषज्ञ शामिल होंगे.
यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है. उम्मीद है कि सरकार आने वाले मानसून सत्र के दौरान विधानसभा में UCC बिल पेश कर सकती है. इस फैसले को अंतिम रूप देने और ड्राफ्ट को ठोस शक्ल देने के लिए आज भोपाल में एक अहम बैठक बुलाई गई है.
UCC को लेकर आज एक अहम बैठक
UCC ड्राफ्टिंग कमेटी केअध्यक्ष जस्टिस देसाई की अध्यक्षता में भोपाल की नोरोन्हा एडमिनिस्ट्रेटिव एकेडमी में सुबह 10:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक बैठकों का एक लंबा दौर चलेगा. इस विस्तृत चर्चा का मुख्य मकसद यह पक्का करना है कि प्रस्तावित ड्राफ्ट में समाज के हर वर्ग के अधिकारों और हितों की पूरी तरह से सुरक्षा हो. इसके लिए कमेटी ने आम जनता से भी सुझाव मांगे हैं.
सभी वर्गों से मांगी जाएगी राय
आज के मीटिंग शेड्यूल के अनुसार गृह विभाग और महिला एवं बाल विकास, SC/ST, OBC और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग दोपहर 12:30 बजे से कमेटी के सामने अपनी-अपनी प्रेजेंटेशन देंगे. इसके बाद सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तार से चर्चा होगी और फिर दोपहर 3:30 बजे अलग-अलग धर्म गुरुओं के साथ एक सेशन होगा.
इसी मानसून सत्र में आ सकता है विधेयक
एक व्यापक कानून का मसौदा तैयार करने में मदद के लिए बैठक में विभिन्न राज्य आयोगों जैसे महिला आयोग, बाल अधिकार संरक्षण आयोग और अल्पसंख्यक कल्याण आयोग के पदाधिकारियों के साथ-साथ विशेषज्ञों, बुद्धिजीवियों, जन-प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और धार्मिक नेताओं को आमंत्रित किया गया है. इस प्रक्रिया के दौरान समाज के सभी वर्गों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा. उम्मीद है कि इस प्रक्रिया के बाद सरकार आने वाले मानसून सत्र में UCC बिल पेश कर सकती है, जो 20 जुलाई से शुरू हो रहा है. इस मकसद के लिए बनाई गई कमेटी ने आम जनता से 22 जून तक ऑनलाइन सुझाव मांगे हैं.
