नई दिल्ली:– उल्लास नवभारत साक्षरता पखवाड़े के तहत पीएम श्री अरुंधति देवी विद्यालय, आरंग में बुधवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कलेक्टर रायपुर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने ‘उल्लास’ मानव श्रृंखला बनाकर शत-प्रतिशत साक्षरता का संदेश दिया।
मानव श्रृंखला के माध्यम से विद्यार्थियों ने लोगों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए निरक्षर व्यक्तियों को साक्षर बनाने और समाज में शिक्षा की अलख जगाने का संदेश दिया। विद्यार्थियों की इस अभिनव पहल ने विद्यालय परिसर सहित आसपास के क्षेत्र में लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में एसएमडीसी अध्यक्ष खिलेश धुरंधर एवं विद्यालय की प्राचार्य संध्या रानी बारीक ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को जागरूक, आत्मनिर्भर और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। किसी भी समाज और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए शत-प्रतिशत साक्षरता बेहद आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं शिक्षा प्राप्त करने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी शिक्षा के प्रति जागरूक करें और साक्षरता अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने में अपनी भूमिका निभाएं। इस अवसर पर शिक्षक लोकेश्वर साहू, मनोज शर्मा, आकाश विश्वास, युवराज मिश्रा एवं कमलेश साहू सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ तथा शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार की सक्रिय सहभागिता रही।
