रायपुर। धीरे धीरे कर दिन का तापमान बढऩे लगा है। 11 बजते ही धूप का अहसास होने लगा है। रविवार को रायपुर में सर्वाधिक 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। लेकिन रात में ठंडक बनी हुई है। उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ में रात का न्यूनतम तापमान 11-14 डिग्री तक बना हुआ है वहीं मध्य छत्तीसगढ़ में 15-19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। कल मंगलवार को मौसम बादल, बारिश वाला होगा।
मौसम विग्यानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ 70 डिग्री पूर्व और 32 डिग्री उत्तर में मध्य क्षोभमंडल में द्रोणिका के रूप में स्थित है । इसके कारण वातावरण में नमी की मात्रा बढऩे की सम्भावना है, साथ ही प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाओं के आगमन होने की सम्भावना बन रही है। प्रदेश में कल मध्य छत्तीसगढ़ में आंशिक रूप से बादल रहने तथा बहुत हल्की वर्षा होने की सम्भावना है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की सम्भावना है । 6 और 7 फरवरी को प्रदेश के उत्तर भाग में वर्षा होने की सम्भावना बन रही है।