आजकल भाग दौड़ भरी जिंदगी में कौन सा स्वस्थ शरीर कब बीमार हो जाता है वो पता ही नहीं चलता। बीते कुछ समय से हमने देखा है कि हंसते खेलते हुए लोग कब इस दुनिया को अलविदा कह देते हैं पता ही नहीं चल पाता। कभी किसी की शादी में डांस के दौरान अचानक मौत हो जाती है तो कभी किसी अन्य कार्यक्रम के दौरान वे दम तोड़ देते हैं।
ऐसा ही एक हादसा शादी समारोह के दौरान तब हो गया जब दूल्हे को हल्दी लगाईं जा रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई जिससे शादी का ख़ुशी वाला माहौल गम में बदल गया। जानकारी के मुताबिक घटना हैदराबाद के काला पत्थर इलाके की है जहां शादी समारोह चल रहा था। इस दौरान अचानक एक शख्स को दिल का दौरा पड़ा और उसकी मौत हो गई।
मृतक का नाम रब्बानी बताया जा रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि शादी के दौरान दूल्हे को शख्स हल्दी लगा रहा था। इस दौरान हंसी मजाक चल रहा था लेकिन जैसे ही हल्दी लेने के लिए वह नीचे झुका और उठा, उसकी फ़ौरन मौत हो गई। शख्स को अचानक हार्ट अटैक आ गया और वो नीचे गिर पड़ा। शख्स के बेसुध होते ही अफरा तफरी और चीख पुकार मच गई। उसे नजदीक के अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।