मध्य प्रदेश:- तापमान के साथ चुनावी सरगर्मी भी तेज होती जा रही है. राज्य में तीसरे चरण के मतदान से पहले नेताओं का गुस्सा विरोधी दलों के साथ-साथ पुलिस पर भी फूट रहा है. राजगढ़ में एक चुनावी सभा के दौरान जहां मुख्यमंत्री डॉ.क्टर मोहन यादव पुलिस पर बरसे. वहीं रायसेन में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सभा के दौरान बीजेपी नेताओं का गुस्सा पुलिस पर फूटा. सीएम डॉ.क्टर मोहन यादव ने तो पुलिस को बेअक्ल तक कह दिया.
दरअसल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को राजगढ़ में बीजेपी के लोकसभा प्रत्याशी रोडमल नागर के पक्ष में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे. यहां पुलिस ने सभा सुनने आई जनता और कार्यकर्ताओं को मंच से दूर रखा तो मुख्यमंत्री भड़क गए. उन्होंने कहा कि ‘कौन पुलिस अधिकारी यहां की व्यवस्था देख रहा है. तुम्हारे बस की बात नहीं है, आने दो सबको. जो व्यवस्था हमें जनता से दूर करे वह कैसी व्यवस्था.
उन्होंने पुलिसवालों से यह भी कहा कि अकल नहीं है. चुनावी सभा के दौरान सीएम मोहन यादव ने कहा कि अबकी बार हम सबको कृष्ण कन्हैया की मटकी मथुरा में फोड़ना है. बीजेपी नेताओं के पुलिस से भिड़ने का दूसरा मामला रायसेन जिले का है. मंडीदीप में गुरुवार को बीजेपी की चुनावी सभा के दौरान रात 10 बजने पर पुलिस ने माइक बंद करवा दिए, जिससे भोजपुर से बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटवा भड़क गए.
ये कैसे बंद किया तुमने’
विदिशा सीट से बीजेपी प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी माइक बंद होने पर टीआई पर झल्लाये और कहा कि ‘ये कैसे बंद किया तुमने चालू करो इसे.’ इसी बीच भोजपुर से बीजेपी विधायक सुरेंद्र पटवा ने थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर की इस हरकत के बाद उन्हें धमकाया. अपनी घड़ी की ओर इशारा करते हुए पटवा ने टीआई से कहा कि ‘अभी मेरी घड़ी में 10 मिनट है. परेशान करके रखा है.बता दें इसके बाद माइक चालू कर दिया गया और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कुछ देर तक अपना भाषण दिया।
