छत्तीसगढ़:– हाउसिंग बोर्ड की लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां एक युवक की फ्लैट नामांतरण फाइल एक साल से गुम बताई जा रही है. परेशान युवक ने विरोध में अधिकारी को बादाम देकर तंज कसा, जिसका वीडियो वायरल हो गया.
बिलासपुर जिले में हाउसिंग बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक अजीब मामला सामने आया है. एक युवक ने करीब एक साल पहले ईडब्ल्यूएस फ्लैट खरीदा और उसकी विधिवत रजिस्ट्री भी करवाई थी. इसके बाद नामांतरण के लिए उसने सभी जरूरी दस्तावेज अभिलाषा परिसर, तिफरा स्थित कार्यालय में जमा कर दिए.
लेकिन हैरानी की बात यह है कि पिछले एक साल से जब भी वह अपनी फाइल के बारे में जानकारी लेने दफ्तर पहुंचता है, उसे यही जवाब मिलता है कि उसकी फाइल खो गई है. लगातार चक्कर काटने से परेशान युवक ने अनोखा विरोध जताया. वह 500 ग्राम बादाम लेकर कार्यालय पहुंचा और संबंधित अधिकारी को देते हुए तंज कसा कि इससे उनकी याददाश्त तेज होगी और शायद फाइल मिल जाए. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे विभाग की लापरवाही उजागर हो रही है.
मैनेजर ने लगाए गंभीर आरोप
इस मामले में छत्तीसगढ़ आवास बोर्ड की सहायक स्टेट मैनेजर पूनम बंजारे ने एक व्यक्ति के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने बताया कि 17 अप्रैल 2016 को दोपहर करीब 1 बजे, जब वह अपने कार्यालय में शासकीय कार्य कर रही थीं, तभी तोरन साहू बिना अनुमति उनके कक्ष में प्रवेश कर गए. आरोप है कि उन्होंने कार्यालयीन कार्य में बाधा डालते हुए अभद्र और अपमानजनक व्यवहार किया.
मजाक उड़ाने का लगाया आरोप
पूनम बंजारे ने बताया कि आरोपी ने उनकी मेज पर बादाम फेंकते हुए उनका मजाक उड़ाया और फाइल खोजने को लेकर टिप्पणी की, जिससे उन्हें मानसिक पीड़ा और अपमान का सामना करना पड़ा. इतना ही नहीं, उन्होंने बिना सहमति के घटना का वीडियो भी बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी. हाल ही में उक्त वीडियो इंस्टाग्राम पर प्रसारित कर उन पर रिश्वत लेने का झूठा आरोप लगाया गया, जिससे उनकी छवि को गहरा नुकसान पहुंचा है. पीड़िता ने इसे आपराधिक धमकी, मानहानि और निजता के उल्लंघन का मामला बताते हुए पुलिस से एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई, आपत्तिजनक सामग्री हटाने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है.
