नई दिल्ली:- महेंद्र सिंह धोनी अगले आईपीएल सीजन में खेलेंगे या संन्यास लेंगे? इस सवाल पर माही ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है। चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान ने बताया कि आईपीएल 2027 में उतरने का फैसला फिटनेस जांच के बाद करेंगे। दिसंबर से पहले वह आकलन करना चाहते हैं कि उनका शरीर एक और सीजन खेलने के लिए कितना तैयार है। फिलहाल उन्होंने खेलने की पुष्टि या संन्यास का ऐलान नहीं किया है।
बेंगलुरु में आयोजित एक स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम में धोनी से उनके आईपीएल भविष्य को लेकर सवाल पूछा गया। जवाब में उन्होंने कहा कि पहले मेडिकल जांच होगी और उसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा। इसी दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में अपनी तुलना ‘पुरानी गाड़ी’ से की। उनका कहना था कि यदि फिटनेस में कमी मिली, तो डॉक्टरों को यह सुनिश्चित करना होगा कि यह गाड़ी सड़क पर अच्छी तरह चलती रहे।
धोनी चोट के कारण आईपीएल 2026 में एक भी मुकाबला नहीं खेल सके थे। चेन्नई सुपर किंग्स भी उस सीजन प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई थी। ऐसे में उनके नए बयान ने वापसी की संभावना जरूर खुली रखी है, लेकिन अंतिम तस्वीर फिटनेस आकलन के बाद ही साफ होगी।
धोनी ने बातचीत के दौरान चेन्नई के हालिया प्रदर्शन पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने स्वीकार किया कि टीम पिछले दो सीजन में उम्मीद के मुताबिक निरंतरता नहीं दिखा सकी। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए उन्होंने चेन्नई के लिए सुधार की जरूरत बताई।
अगले सीजन की तैयारियों को लेकर माही ने खिलाड़ियों की फिटनेस और उपलब्धता को अहम बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम चोटों से बच सकेगी और उसके फिट खिलाड़ी पूरे टूर्नामेंट में उपलब्ध रहेंगे। इससे चेन्नई को बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी।
अपनी कप्तानी में सीएसके को पांच आईपीएल खिताब दिलाने वाले धोनी के अगले कदम पर प्रशंसकों की नजरें बनी हुई हैं। अब इंतजार दिसंबर से पहले होने वाले उनके फिटनेस आकलन और उसके बाद लिए जाने वाले फैसले का है।
