रायपुर।पुणे से बिलासपुर जा रही एक महिला का शनिवार को अचानक चलती ट्रेन में प्रसव पीड़ा होने लगा। दर्द अधिक होने से महिला रोने लगी थी। यह जानकारी जैसे ही रायपुर आरपीएफ को मिली, महिला जवानों की टीम देवदूत बनकर पीड़ित महिला की मदद करने पहुंच गई। बता दे, महिला अपने पति के साथ बिलासपुर-पुणे एक्सप्रेस से बिलासपुर जा रही थी।
ट्रेन जैसी दुर्ग स्टेशन से आगे बढ़ी महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। वह रोने लगी।महिला को दर्द से कराहता देख पति ने ड्यूटी में तैनात आरक्षक वेद प्रकाश को सूचना दी, जिसके बाद आरक्षक कंट्रोल रूम में जानकारी दी। महिला की पीड़ा को बढ़ता देख रायपुर में आरपीएफ ने महिला की मदद करने मोर्चा संभाल लिया। ट्रेन के रायपुर पहुंचने से पहले एंबुलेंस लेकर प्राथमिक उपचार करने स्वास्थ्य टीम स्टेशन में तैनात हो चुकी थी। जैसी ट्रेन स्टेशन पर रूकी आरपीएफ ने कोच को अटेंड कर लिया और महिला को सुरक्षित कोच से उतारा गया।आरपीएफ के महिला जवानों ने पीड़ित महिला को ट्रेन से नीचे उतारने के बाद सावधानी पूर्वक एंबुलेंस से सीधा मेकाहारा अस्पताल में भर्ती किया।
प्रभारी एम.के मुखर्जी ने बताया, शाम को महिला ने पुत्री को जन्म दिया है। अब दोनों स्वस्थ है। आरपीएफ की तत्परता से महिला को समय रहते मदद मिली। यात्रियों ने भी इस नेक काम के लिए आरपीएफ की सराहना करते हुए दिखे। आरपीएफ द्वारा आपरेशन मातृशक्ति के तहत प्रसव पीड़ा से पीड़ीत महिला को सहायता प्रदान किया जा रहा है।