नई दिल्ली:- भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च टेस्ट में उतरते ही एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली है। उन्होंने भारत के पूर्व बल्लेबाज संजय मांजरेकर के 32 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। इस मामले में जायसवाल ने क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ दिया है। खास बात यह है कि जायसवाल ने अपने टेस्ट करियर के शुरुआती 33 मुकाबले अलग-अलग मैदानों पर खेले हैं। यानी अब तक वह किसी भी मैदान पर दूसरी बार टेस्ट मैच खेलने नहीं उतरे हैं।
यशस्वी जायसवाल ने अपने टेस्ट करियर की शुरुआत वेस्टइंडीज के खिलाफ की थी। इसके बाद उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर टेस्ट क्रिकेट खेला। भारतीय सरजमीं पर उनका पहला टेस्ट मुकाबला इंग्लैंड के खिलाफ हुआ था। इसके बाद उन्होंने बांग्लादेश, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू मैदानों पर अलग-अलग स्टेडियम में मुकाबले खेले। भारत ने इन टीमों की मेजबानी के दौरान 14 अलग-अलग मैदानों पर टेस्ट मैच आयोजित किए, जहां जायसवाल को खेलने का मौका मिला।
इसके अलावा जायसवाल ने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के दौरों पर भी टेस्ट क्रिकेट खेला। 2024-25 और 2025 के विदेशी दौरों में उन्होंने पांच-पांच टेस्ट मुकाबले खेले। इस तरह उनके शुरुआती 33 टेस्ट मैच अलग-अलग मैदानों पर खेले जाने का रिकॉर्ड बन गया।
संजय मांजरेकर के रिकॉर्ड की बराबरी
इस उपलब्धि के साथ यशस्वी जायसवाल ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। मांजरेकर ने साल 1994 तक अपने टेस्ट करियर के शुरुआती 33 मुकाबले अलग-अलग मैदानों पर खेले थे। उनका 34वां टेस्ट मैच बेंगलुरु में हुआ था, जहां वह पहली बार किसी मैदान पर दूसरी बार टेस्ट खेलने उतरे थे। अब जायसवाल ने भी शुरुआती 33 टेस्ट मैचों में यही उपलब्धि हासिल कर ली है।
सचिन तेंदुलकर को छोड़ा पीछे
इस खास रिकॉर्ड में जायसवाल ने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है। सचिन ने अपने टेस्ट करियर के शुरुआती 32 मुकाबले अलग-अलग मैदानों पर खेले थे। साल 1994 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में उन्होंने पहली बार किसी ऐसे मैदान पर दोबारा टेस्ट मैच खेला था, जहां वह पहले भी उतर चुके थे। वहीं जायसवाल ने शुरुआती 33 टेस्ट मैचों तक इस रिकॉर्ड को बरकरार रखा है।
टेस्ट करियर के शुरुआती मैचों में अलग-अलग मैदानों पर खेलने वाले खिलाड़ी:
33 मैच – संजय मांजरेकर (भारत)
33 मैच – यशस्वी जायसवाल (भारत)
32 मैच – सचिन तेंदुलकर (भारत)
24 मैच – जवागल श्रीनाथ (भारत)
24 मैच – दिनेश रामदीन (वेस्टइंडीज)
यशस्वी जायसवाल की यह उपलब्धि उनके टेस्ट करियर के शुरुआती सफर को खास बनाती है। अब देखना होगा कि वह आगे कितने मुकाबलों तक इस सिलसिले को जारी रख पाते हैं
