देवरिया, 23 नवम्बर। उत्तर प्रदेश में देवरिया के बरहज क्षेत्र मे मंगलवार को भूमि विवाद में हुई गोलीबारी में दो सगे भाईयों की मौत हो गयी तथा इस घटना में छह अन्य लोग घायल हो गये हैं।
देवरिया के पुलिस अधीक्षक डा.श्रीपति मिश्र ने यहां बताया कि क्षेत्र के चकरा नोनार गांव में लालधारी यादव और उनके पट्टीदार हंसनाथ यादव के बीच भूमि विवाद चल रहा था जिसका वाद न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने बताया कि आज सुबह इसी विवाद को लेकर दो सगे भाई कोकिल (42) और रमेश (40) की उनके पट्टीदारों की लाइसेंसी बन्दूक से हुयी गोलीबारी में मौत हो गयी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लालधारी यादव अपने भाई लल्लन यादव की 25 नवंबर को तेरहवीं के सिलसिले में घर के पास जमीन की सफाई करा रहे थे। इसी बात हंसनाथ तथा उनके साथ आये कुछ लोगों ने गोलीबारी शुरु कर दी। इसमें दो सगे भाईयों कोकिल और रमेश की मौत हो गयी। जबकि छह अन्य लोग घायल हो गये।
मिश्रा ने बताया कि घायलों की पहचान लालधारी, बेचू यादव, राजाराम, देवानंद, अंकित यादव और विनोद यादव के रूप में हुयी है। दो घायलों को स्थानीय मेडिकल कालेज में इलाज के लिये भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर वारदात की जांच शुरु कर दी है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जें में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दी है। गांव में तनाव को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।