)लखनऊ: उत्तर प्रदेश की ब्यारोक्रेसी से चौंकाने वाली खबर सामने आई है. राज्य के पावरफुल अफसरों में शुमार एक पूर्व IAS की उत्तराखंड स्थित कोठी से 50 करोड़ रुपए की चोरी हो गई. दिलचस्प है कि इसकी न कोई रिपोर्ट दर्ज की गई और ना ही कहीं शिकायत की गई. इसको लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत जरूर गर्मा गई है.सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव जहां सोशल मीडिया पर पोस्ट करके मजे ले रहे हैं. वहीं आजाद अधिकार सेना पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने नाम उजागर करते हुए वीडियो जारी किया है. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पोस्ट में लिखा है- रिश्ता ये हमजोली-सा है, चोर के घर में चोरी-सा है.
आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने चर्चित पूर्व नौकरशाह पर आरोप लगाते हुए बड़ा खुलासा किया है. अमिताभ ठाकुर ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए नौकरशाह पर आरोप लगाया है कि उनके उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित फॉर्महाउस से करीब 50 करोड़ रुपए की कथित चोरी हुई है.अमिताभ ठाकुर ने अब इस मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जांच की मांग की है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजी अपनी शिकायत में उन्होंने यह भी बताया है कि इस विषय पर हाल के दिनों में खबरें भी प्रकाशित हुई हैं, जिसका स्क्रीनशॉट सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा किया है.अमिताभ ठाकुर अब चाहते हैं कि इस मामले में सरकार हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में एक समिति गठित कर उच्च स्तरीय जांच समिति बनाते हुए मामले की निष्पक्ष एवं गहनता से जांच करवाई जाए
.वहीं इस मामले में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने 24 सितंबर के ट्वीट में इशारों ही इशारों में पूर्व नौकरशाह को घेर लिया है. इसके बाद सोशल मीडिया में जमकर चर्चा जारी है. वहीं यूपी की नौकरशाही में भी दबी जुबान इस मामले की काफी चर्चा हो रही है.कौन हैं अमिताभ ठाकुर: योगी सरकार के पहले कार्यकाल में जबरन रिटायर किए जाने वाले विवादित आईपीएस अधिकारी हैं अमिताभ ठाकुर. इन्हें 21 मार्च 2021 को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी गई थी, जिसके बाद अमिताभ ठाकुर योगी सरकार को कई विषयों पर घेरते हुए दिखे हैं और अब तो ठाकुर ने आजाद अधिकार सेना के नाम से अपनी राजनीतिक पार्टी भी बना ली है.
