चंडीगढ़, 22 फरवरी। पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा के लिये गत 20 फरवरी को हुये चुनावों में 71.95 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया और इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को त्रिस्तरीय सुरक्षा में स्ट्राँग रूम में रखा गया है।
राज्य चुनाव कार्यालय से सोमवार देर रात जारी आंकड़ों के अनुसार कुल 21499804 में से 15469618 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इनमें 8133930 पुरुष और 7335406 महिलाएं और 282 ट्रांसजेंडर और अन्य हैं। राज्य में सर्वाधिक मतदान वाले विधानसभा क्षेत्रों में गिद्दड़बाहा 84.93 प्रतिशत, तलवंडी साबो 83.70 प्रतिशत और सरदूलगढ़ में 83.64 प्रतिशत हैं। इसी तरह अमृतसर पश्चिम 55.40 प्रतिशित, लुधियाना दक्षिण 59.04 प्रतिशत और अमृतसर केंद्रीय में 59.19 प्रतिशत के साथ कम मतदान वाले विधानसभा क्षेत्र रहे।
मतदान प्रक्रिया कोविड मानकों का पालन करते हुये सम्पन्न हुई तथा इससे 24740 मतदान केंद्रों से पीपीइ किट, फेस मास्क, दस्ताने और फेस शील्ड समेत 23 टन कोविड वेस्ट का सुरक्षित तरीके से निस्तारण किया गया। राज्य में मतदान के दौरान कुछ मामूली घटनाएँ सामने आईं हैं और इस सम्बंध में कुल 33 प्राथमिकी दर्ज की गईं। इनमें 10 मामूली झड़प, 16 पाबंदियों का उल्लंघन, तीन मतदान सम्बंधी अपराध तथा तीन अन्य मामले और एक गोलीबारी की घटना से सम्बन्धित हैं।
मतदान समाप्त होने के बाद सभी ईवीएम को केंद्रीय सुरक्षा बल और राज्य पुलिस की तीन स्तरीय सुरक्षा निगरानी में 66 स्थानों पर स्ट्रांग रूम में रखा गया है। मतदान दौरान 65 बैलट यूनिट, 60 कंट्रोल यूनिट और 738 वीवीपीएटी बदली गईं।राज्य के मुख्यमंत्री चुनाव अधिकारी डा. एस. करूणा राजू ने चुनाव को सफलता और शांतिपूर्वक सम्मन्न कराने के लिये सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों, पुलिस और सशस्त्र बलों, आशा, आंगनवाड़ी और मिड-डे-मील वर्करों, गांव चौकीदारों तथा लोकतंत्र के इस महापर्व से संबद्ध लोगों का आभार व्यक्त किया है।