मध्य प्रदेश:- विधानसभा चुनाव के परिणाम तय होने में समय है, लेकिन रुझानों ने काफी हद तक मध्य प्रदेश के राजनीतिक भविष्य की तस्वीर साफ कर दी है. मध्य प्रदेश में बीजेपी 160 से ज्यादा सीटों पर आगे चल रही है और बंपर जीत की ओर बढ़ रही है. वहीं कांग्रेस में मायूसी छायी हुई है. कांग्रेस के पिछड़ने के अलग-अलग कारण बताए जा रहे हैं. अब सपा ने कांग्रेस की हार पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कांग्रेस की हार के लिए कमलनाथ को दोषी बताया है.
कांग्रेस की हार पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता मनोज सिंह काका ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि “मध्य प्रदेश में माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के प्रति जो अपमानजनक शब्द कमलनाथ नें बोला जिनका अहंकार सर चढ़कर बोल रहा था. रामधारी सिंह दिनकर जी ने लिखा है कि जब नाश मनुष्य पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है”. सपा प्रवक्ता ने कहा कि कमलनाथ का अखिलेश यादव को अपमानजनक शब्दों से संबोधित करना कांग्रेस को भारी पड़ा है.
तो इसलिए हारी कांग्रेस
सपा के प्रवक्ता ने कांग्रेस की हार का ठीकरा कमलनाथ पर फोड़ते हुए कहा कि अमर्यादित बयानों से कांग्रेस हारी है. ज्यादातर जगहों पर यही हुआ है. उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने जिस तरह से उत्तर प्रदेश में एक दलित का अपमान कर इस व्यक्ति को प्रदेश अध्यक्ष बना दिया. देश के एक बड़े नेता जो आज के दौर में बहुजनों के नायक हैं, माननीय अखिलेश यादव जी, जो मंडल कमीशन और जातिगत जनगणना को लेकर जो बहुजन वर्ग के सामाजिक आर्थिक और राजनीतिक सभी तरह के भागीदारी की लड़ाई लड़ रहे है. जिन्होंने अकेले दम पर भारतीय जनता पार्टी को नाको चना छबवाया. उसे बड़े नेता को अपमानजनक शब्दों से संबोधित करना कांग्रेस को भारी पड़ा है.
