मध्यप्रदेश:- मशहूर एक्टर सलमान खान को जान से मारने की धमकी और मूसेवाला की हत्या करने वाला गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई गैंग अब इंदौर में भी सक्रिय हो गया है. कुख्यात लॉरेंस विश्नोई गैंग ने कैलाश विजयवर्गीय के करीबी बीजेपी नेता को जान से मारने की धमकी दी है. इंदौर के बीजेपी नेता ने इस मामले की शिकायत क्राइम ब्रांच से की है. पुलिस को दिए गए नंबर के आधार पर जांच की जा रही है. देखें पूरी रिपोर्ट….
इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में रहने वाले बीजेपी नेता अमरदीप सिंह द्वारा इंदौर क्राइम ब्रांच को एक शिकायत की गई है कि वर्चुअल नम्बर से गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई के नाम से धमकी भरे फोन आ रहे हैं. फोन पर कहा जा रहा है कि मैं लॉरेंस विश्नोई बोल रहा हूं, फोन उठा…तू मुझे जानता नहीं है. पूर्व में भी इस तरह के कॉल बीजेपी नेता अमरदीप सिंह को आ चुके हैं.
कॉल रिसीव नहीं किया तो…
पुलिस ने बताया कि 19 जनवरी को व्हाट्सएप के जरिए कॉल आया था. रात में अमरदीप सिंह को 2 कॉल आये थे, जिन्हें उन्होंने रिसीव नहीं किया. जिसके बाद उन्हें ऑडियो संदेश भेजा गया, जिसमें उन्हें धमकी दी गई. जिस नंबर से कॉल आई थी, वह एक वर्चुअल नंबर है. इंदौर क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर फोन नम्बर की जांच शुरू कर दी है. बता दें कि अमरदीप सिंह कारोबारी हैं. वे लंबे समय से इंदौर-1 विधानसभा में सक्रिय हैं. बीजेपी नेता विधानसभा चुनाव के दौरान इंदौर शहर के प्रभारी भी रहे हैं. फिलहाल वह ग्वालियर जिले के ग्रामीण क्षेत्र के बीजेपी उपाध्यक्ष पद पर हैं. बहरहाल वर्तमान में लॉरेंस विश्नोई जेल में बंद है.
